LOADING...
गर्मियों में माचा से बने ये ताजगी भरे पेय देंगे ठंडक, स्वाद भी होता है लाजवाब
माचा से बने ताजगी भरे पेय

गर्मियों में माचा से बने ये ताजगी भरे पेय देंगे ठंडक, स्वाद भी होता है लाजवाब

लेखन सयाली
Mar 12, 2026
01:32 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में शरीर को ठंडक और ताजगी देने के लिए माचा आधारित पेय बेहतरीन हो सकते हैं। यह एक तरह का पाउडर होता है, जिसे ग्रीन टी की पत्तियों को पीसकर तैयार किया जाता है। माचा में विटामिन-C और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर को तरोताजा रखते हैं। आइए 5 तरह के माचा पेय की रेसिपी जानते हैं, जिन्हें आप घर पर आसानी से बना सकते हैं और गर्मी से राहत पा सकते हैं।

#1

पुदीना मचा

पुदीना माचा ठंडक पाने के लिए बढ़िया पेय होगा, क्योंकि इसमें पुदीने की ताजगी शामिल होगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पुदीने की पत्तियों को पीसकर उसमें नींबू का रस और शहद मिला लें। इस मिश्रण को एक गिलास में डालकर ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े डालें। माचा पाउडर को पानी में घोलकर इस मिश्रण में शामिल कर दें। यह पेय न केवल ताजगी देगा, बल्कि पाचन में भी सहायक होगा।

#2

आम मचा

आम का सीजन आने ही वाला है, जिस दौरान इसे माचा पेय में शामिल करना बढ़िया रहेगा। इसके लिए सबसे पहले आम को छोटे टुकड़ों में काटें और उनमें शहद मिला दें। दूसरी ओर माचा पाउडर को पानी में मिलाकर घोल बना लें। गिलास में सबसे पहले आम डालें, फिर दूध, बर्फ और माचा वाला घोल डालकर अच्छी तरह मिला लें। आप चाहें तो इसमें दूध की जगह पानी भी शामिल कर सकते हैं।

Advertisement

#3

स्ट्रॉबेरी माचा

माचा के मिट्टी जैसे स्वाद में अगर स्ट्रॉबेरी की मिठास जोड़ दी जाए तो एक लाजवाब पेय बनकर तैयार होता है। इसकी रेसिपी की शुरुआत माचा पाउडर को छानने से होगी। अब इस पाउडर को थोड़ा पानी डालकर विस्कर की मदद से घोल लें। इसी दौरान स्ट्रॉबेरी को टुकड़ों में काटें और चीनी के साथ पकाकर उनकी पियूरी बना लें। गिलास में सबसे पहले स्ट्रॉबेरी पियूरी डालें, फिर दूध और माचा डालकर मिलाएं और पीएं।

Advertisement

#4

डर्टी माचा

अगर आपको कॉफी पीना पसंद है और आप माचा के स्वाद को उसके साथ मिश्रित करना चाहते हैं तो डर्टी माचा बनाकर पीएं। इसके लिए सबसे पहले कॉफी का एस्प्रेसो शॉट बनाएं, जो गर्म पानी, चीनी और कॉफी पाउडर को घोलकर तैयार होगा। इसके बाद माचा को पानी में मिलाकर उसका भी घोल बना लें। गिलास में ढेर सारी बर्फ डालें, माचा वाला घोल शामिल करें और एस्प्रेसो डालकर मिलाएं। माचा पीने से आपको ये लाभ मिल सकते हैं।

#5

क्लाउड माचा

अगर आपको नारियल पानी का स्वाद पसंद है तो आपको माचा की सबसे अनोखी रेसिपी जरूरी पीनी चाहिए। इसे क्लाउड माचा या नारियल वाली माचा कहा जाता है। इसके लिए सबसे पहले माचा पाउडर में पिसी चीनी और नारियल पानी डालकर उसे फेंट लें। अब इसमें ताजी मलाई या क्रीम डालकर अच्छी तरह मिला लें। एक गिलास को नारियल पानी से आधा भर दें और उसमें बर्फ भी डाल दें। अब ऊपर से माचा वाला मिश्रण डालकर मिलाएं।

Advertisement