Loading...
सर्दियों में बनाएं स्वादिष्ट गाजर के लड्डू, स्वाद से भरपूर और सेहत के लिए खजाना
गाजर के लड्डू की रेसिपी

सर्दियों में बनाएं स्वादिष्ट गाजर के लड्डू, स्वाद से भरपूर और सेहत के लिए खजाना

लेखन सयाली
Nov 28, 2026
10:34 am

क्या है खबर?

सर्दियों का मौसम कई पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने साथ लाता है, जिनमें गाजर, मूली, पालक, मटर, शकरकंद, कद्दू और शहद आदि शामिल हैं। इनमें से कई खाद्य पदार्थों से लड्डू बनाए जा सकते हैं। हालांकि, गाजर के लड्डू की बात ही अलग है। वैसे भी, स्वादिष्ट और पौष्टिक लड्डू तो बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होते। आइए आज हम आपको गाजर के लड्डू की रेसिपी बताते हैं।

सामग्री

गाजर के लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामान

गाजर के लड्डू बनाने के लिए आपको एक किलो गाजर, एक किलो चीनी, आधा किलो मावा, 100 ग्राम काजू, 100 ग्राम बादाम, 100 ग्राम पिस्ता, 100 ग्राम किशमिश, 100 ग्राम सूखे खुबानी, 100 ग्राम खरबूजे के बीज, एक चौथाई चम्मच इलायची का पाउडर और देसी घी चाहिए होगा।

आप चाहें तो इन चीजों की मात्रा को अपने मन मुताबिक कम या ज्यादा भी कर सकते हैं। इसमें आप अपनी पसंद की सामग्रियां जोड़ भी सकते हैं।

#1

गाजर को कद्दूकस करें

सबसे पहले गाजर को अच्छे से धोकर छील लें, फिर एक कद्दूकस की मदद से सभी गाजरों को कद्दूकस कर लें। इसके बाद एक पैन में देसी घी गर्म करके उसमें कद्दूकस की हुई गाजर डालकर इसे मध्यम आंच पर 10 मिनट तक पकाएं।

इससे गाजर का पानी सूख जाएगा और उसका स्वाद बढ़ जाएगा। इसे लगातार चलाते रहें, नहीं तो गाजर के जलने का डर रहता है या वो बर्तन पर चिपक सकती है।

ADVERTISEMENT

#2

चीनी मिलाएं

गाजर को पकाने के बाद चीनी डालने की तैयारी करें। इसके लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर इसे मध्यम आंच पर पकाएं।

जब पानी में चीनी पूरी तरह से घुल जाए तो इसे एक पानी वाले बर्तन में डालें और जब यह मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसमें अपनी उंगलियां डालकर देखें कि यह चिपचिपा है या नहीं।

अगर आपको लगे कि मिश्रण चिपचिपा है तो समझ जाइए कि चीनी की चाशनी तैयार हो चुकी है।

ADVERTISEMENT

#3

मावा को भूनकर मिलाएं

अब एक पैन में थोड़ा मावा भूनकर उसे एक प्लेट में निकाल लें। इसके बाद कद्दूकस की हुई गाजर को चाशनी में डालकर इसे धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकाएं।

अब इसमें भुने हुए मावे के साथ किशमिश, सूखे खुबानी के टुकड़े, खरबूजे के बीज और इलायची का पाउडर डालकर इसे अच्छे से मिलाएं। आखिर में इस मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।

#4

लड्डू को आकार दें

जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इससे लड्डू बनाकर उन पर काजू, बादाम और पिस्ता डालें। आपके स्वादिष्ट और पौष्टिक गाजर के लड्डू बनकर तैयार हैं।

इन्हें आप लगभग 10 दिन तक स्टोर करके रख सकते हैं। इन लड्डू का आनंद लें और सर्दियों में सेहतमंद रहें।

जब भी आपके बच्चे मीठा खाने की जिद करें तो उन्हें यह लड्डू खिलाएं। इससे उनका मन भी भरेगा और उनकी सेहत भी अच्छी रहेंगी।

ADVERTISEMENT