मानसून में स्वस्थ रहने के लिए बनाएं चुकंदर की कांजी, जानिए आसान रेसिपी
क्या है खबर?
मानसून के मौसम में संक्रमण और मौसमी फ्लू का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, इस मौसम में खान-पान का विशेष ध्यान रखकर इनसे सुरक्षित रह सकते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो इस मौसम में प्रोबायोटिक युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन फायदेमंद हो सकता है। आइए आज हम आपको चुकंदर की कांजी बनाने की सरल रेसिपी बताते हैं, जो एक प्रोबायोटिक युक्त पेय है और मानसून में आपको स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।
सामग्री
चुकंदर की कांजी बनाने के लिए जरूरी सामान
3 बड़ी चुकंदर (छिली और पतली कटी हुई), 4 बड़ी चम्मच काला नमक, एक बड़ी चम्मच बारीक कटा हुआ पत्ता गोभी, एक बड़ी चम्मच बारीक कटी हुई गाजर, एक चम्मच भुना हुआ जीरा, एक चम्मच सरसों के दाने, एक चम्मच मेथी के दाने, एक चौथाई छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, थोड़ी लाल मिर्च पाउडर, थोड़ा काला नमक, दो कप पानी और स्वादानुसार नमक। आप चाहें तो सामग्रियों की मात्रा को अपने मन मुताबिक कम या ज्यादा कर सकते हैं।
विधि
चुकंदर की कांजी बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कांच के जार में चुकंदर के टुकड़े और काला नमक डालकर जार को ढक दें, फिर इसमें पानी डालें और जार को ढककर कमरे के तापमान पर रख दें। इसके बाद एक छोटे कटोरे में भुने जीरे, सरसों के दाने, मेथी के दाने, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और पानी मिलाकर अच्छी तरह से फेंट लें। अब इस मिश्रण को चुकंदर के जार में डालकर इसे कमरे के तापमान पर 2-3 दिन के लिए रखें।
सेवन
इस पेय का सेवन कैसे करें?
जब चुकंदर का कांजी तैयार हो जाए तो इसे कांच के गिलास में थोड़ा-सा नमक डालकर पिएं। अगर आपको यह पेय कम खट्टा लग रहा है तो आप इसमें थोड़ा गुड़ या शहद मिला सकते हैं। इस पेय को ठंडा करने के लिए आप इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। इस पेय को रोजाना सीमित मात्रा में पिएं। यह आपको तरोताजा रखने के साथ-साथ शरीर की सुरक्षा करने की क्षमता को बढ़ाने में भी मदद कर सकता है।
फायदे
चुकंदर के कांजी के सेवन से मिलने वाले फायदे
चुकंदर का कांजी विटामिन-C, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर होता है। यह दिल को स्वस्थ रखने, खून की कमी से बचाने और पाचन को बेहतर बनाने में भी मदद कर सकता है। इसके अलावा यह पेय शरीर से हानिकारक तत्वों को निकालने, शुगर के स्तर को नियंत्रित करने और त्वचा को नमी देने में भी सहायक है। इस तरह के पेय मानसून में आपको तरोताजा महसूस करवा सकते हैं।