Loading...
बड़े आकार के कुत्ते छोटे कुत्तों की तुलना में जल्दी हो जाते हैं बूढ़े- अध्ययन
बड़े कुत्ते जल्दी हो जाते हैं बूढ़े (तस्वीर: पिक्सेल)

बड़े आकार के कुत्ते छोटे कुत्तों की तुलना में जल्दी हो जाते हैं बूढ़े- अध्ययन

लेखन सयाली
Nov 09, 2026
11:45 am

क्या है खबर?

बड़े आकार के कुत्ते अक्सर ज्यादा ताकतवर माने जाते हैं, जो काफी फुर्तीले भी होते हैं। हालांकि, ये बड़े कुत्ते छोटे आकार के कुत्तों की तुलना में ज्यादा जल्दी बूढ़े हो जाते हैं। आम तौर पर कुत्तों की जीवन प्रत्याशा 10 से 13 साल होती है। हालांकि, अब एक नए अध्ययन में खुलासा किया गया है कि बड़े आकार वाले कुत्तों की उम्र जल्दी बढ़ती है। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।

अध्ययन

एरिजोना में किया गया अध्ययन

इस अध्ययन से सामने आया है कि बड़ी नस्लों वाले कुत्ते आमतौर पर तेजी से बढ़ते हैं, उनमें उम्र से जुड़ी बीमारियों का खतरा ज्यादा होता है और वे कम उम्र में ही मर जाते हैं।

इसे अमेरिका के एरिजोना राज्य विश्वविद्यालय के इवोल्यूशनरी बायोलॉजिस्ट नूह स्नाइडर-मैकलर और उनकी टीम ने मिलकर पूरा किया है। इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने 'डॉग एजिंग प्रोजेक्ट' में शामिल 894 कुत्तों के डेटा का विश्लेषण किया।

जांच

कैसे हुई जांच?

अध्ययन के दौरान शोधकर्ताओं ने जीनोम भर में DNA मिथाइलेशन के पैटर्न की तलाश करने की कोशिश की। यह एक अहम एपिजेनेटिक प्रक्रिया है, जो DNA अनुक्रमों को बदले बिना जीन अभिव्यक्ति को समायोजित कर सकती है।

अध्ययन में पाया गया कि जैसे-जैसे कुत्तों की उम्र बढ़ती है, उनमें मिथाइलेशन में व्यापक कमी आती है। ऐसा विशेष रूप से 'जंपिंग जीन' कहे जाने वाले मोबाइल DNA अनुक्रमों में होता है।

ADVERTISEMENT

नतीजे

क्या रहे अध्ययन के नतीजे?

कुत्तों की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया में अंतर का एक कारण 'LINE1' नामक 'जंपिंग जीन' होते हैं। ये जीन जीनोम में घूमते हुए DNA को नुकसान पहुंचा सकते हैं, लेकिन 'DNA मिथाइलेशन' की प्रक्रिया आमतौर पर इस खतरे को कम कर देती है।

अध्ययन में पाया गया कि कुत्तों की उम्र बढ़ने के साथ, LINE1 से जुड़े जीनोम क्षेत्रों के 40 प्रतिशत से अधिक हिस्से में मिथाइलेशन कम हो गया और अलग-अलग कुत्तों में यह कमी अलग-अलग दर से हुई।

ADVERTISEMENT

परिणाम

क्यों जल्दी बूढ़े होते हैं बड़े कुत्ते?

अध्ययन के मुताबिक, यह नुकसान बड़ी नस्लों वाले कुत्तों में काफी तेजी से हुआ। छोटी नस्लों की तुलना में, बड़ी नस्लों में हर साल लगभग 35 प्रतिशत अधिक LINE1 मिथाइलेशन की कमी देखी गई।

इससे पता चलता है कि बड़े कुत्तों में तेजी से उम्र बढ़ने की प्रक्रिया 'जंपिंग जींस' पर नियंत्रण कम होने के कारण हो सकती है। हालांकि, अभी इस विषय पर और अध्ययन करने की जरूरत है।

ADVERTISEMENT