Page Loader
जन्माष्टमी के अवसर पर इस तरह सजाएं अपना पूजा घर, लगेगा बहुत खूबसूरत
जन्माष्टमी पर ऐसे सजाएं अपना पूजाघर

जन्माष्टमी के अवसर पर इस तरह सजाएं अपना पूजा घर, लगेगा बहुत खूबसूरत

लेखन अंजली
Aug 25, 2021
08:00 pm

क्या है खबर?

हर बार की तरह इस साल भी जन्माष्टमी का त्योहार धूम-धड़ाके से मनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस अवसर पर लोग श्री कृष्ण के बाल रूप की पूजा-अर्चना करते हैं और तरह-तरह से पकवान और मिठाइयां बनाते हैं। हालांकि इस मौके पर सबसे ज्यादा खास होती है मंदिर की सजावट। अगर आप इस जन्माष्टमी अपने पूजा घर को एक आकर्षक त्योहार वाला लुक देना चाहते हैं तो ये टिप्स आपके बड़े काम आ सकती हैं।

#1

रंग-बिरंगे फूलों से करें सजावट

माना जाता है कि श्री कृष्ण को कुमुद, करवरी, चणक, मालती, पलाश और वनमाला जैसे फूल बेहद प्रिय हैं, इसलिए आप अपने पूजा घर को इन फूलों से सजाकर श्री कृष्ण को प्रसन्न कर सकते हैं। इनमें से किसी भी फूल की लड़ियां बनाकर कमरे में टांगे। हालांकि अगर आपको ये फूल नहीं मिलते हैं तो आप इनकी जगह गेंदें के फूल की लड़ियों से भी अपने पूजा घर को सजा सकते हैं।

#2

रंगोली बनाएं

रंगोली की मदद से आप अपने पूजा घर को विशेष रूप से जन्माष्टमी के दौरान आकर्षण का केंद्र बना सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन रिसर्च करके अच्छी रंगोली के डिजाइन्स खोजें और फिर अपने पसंदीदा रंगोली के डिजाइन की रूपरेखा तैयार करें। अंत में इसे भरने के लिए रंगों या फिर तरह-तरह के फूलों का इस्तेमाल करें। बेहतर होगा कि आप अपने पूजा घर के आगे और अपने घर के आंगन में रंगोली बनाएं।

#3

दही या मक्खन की हांडी से सजाएं

आप चाहें तो अपने पूजा घर को नकली दही या मक्खन की हांडी से भी सजा सकते हैं। इसके लिए छोटी-छोटी मिट्टी की मटकी खरीदें और उन्हें अपने पसंदीदा रंग से रंगें और सुनहरे रंग के धागों और शीशों से सजाकर अपने पूजा के कमरे की दीवारों या एंट्रेंस पर लगाएं। सजावटी मटकी में थोड़ा सा दही या सफेद मक्खन भी डाला जा सकता है। दही और मक्खन न हो तो आप सफेद रूई से भी काम चला सकते हैं।

#4

बांसुरी सजाएं

कहते हैं कि श्री कृष्ण को बांसुरी बजाना भी बहुत पसंद था और उनके संगीत से सभी मंत्रमुग्ध हो जाया करते थे। खैर इस बात में कितनी सच्चाई है, ये तो हम नहीं जानते, लेकिन आप बांसुरी के द्वारा भी अपने पूजा घर को सजा सकते हैं। इसके लिए पहले बाजार से एक लकड़ी की बांसुरू लाएं और फिर उसे लेस, मोतियों, शीशों और रंगीन रिबन से सजाकर भगवान के पास रखें।