Page Loader
गेंदे के पौधे को कीड़ों से बचाने के लिए अपनाएं ये तरीके
गेंदे के पौधे को कीड़ों से बचाने के तरीके

गेंदे के पौधे को कीड़ों से बचाने के लिए अपनाएं ये तरीके

लेखन अंजली
Nov 09, 2021
10:30 pm

क्या है खबर?

अगर एक बार गेंदे के फूल वाले पौधे में कीड़े लग जाएं तो इसका विकास सही से नहीं हो पाता है। हालांकि, कीड़ों को गेंदे के पौधे से दूर रखने के लिए कई लोग केमिकल युक्त कीटनाशकों का इस्तेमाल करते है, जो पौधे के लिए सही नहीं है। इसलिए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने गेंदे के फूल वाले पौधे से कीड़ों को आसानी से दूर कर सकते हैं।

#1

नीम का तेल आएगा काम

गेंदे के पौधे को कीड़े-मकोड़ों से छुटकारा दिलाने में नीम के तेल का इस्तेमाल काफी मदद कर सकता है। इसके लिए एक कप पानी में एक से दो चम्मच नीम का तेल मिलाएं, फिर इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भरकर गेंदे के पौधे पर इसका छिड़काव करें। इसके छिड़काव से गेंदे के पौधे से कीड़े-मकोड़े कुछ ही मिनट में भाग जाएंगे और इसके फूलों को किसी तरह का नुकसान भी नहीं पहुंचेगा।

#2

सफेद सिरका करेगा मदद

अगर आपके गेंदे के पौधों में कीड़े लग गए हैं तो उन्हें पौधे से दूर करने में सफेद सिरका आपकी काफी मदद कर सकता है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में सफेद सिरके और पानी की बराबर मात्रा मिलाएं, फिर इस मिश्रण का छिड़काव गेंदे के पौधे पर अच्छे से करें। सिरके की तेज गंध से कीड़े कुछ ही घंटों में गेंदे के पौधों से दूर हो जाएंगे।

#3

पानी का करें तेज छिड़काव

यह गेंदे के पौधे को कीड़ों से बचाने का एक आसान और प्रभावशाली तरीका है। इसके लिए आपको मार्केट में एक मशीन मिल जाएगी जो पानी का प्रेशर तेज करने का काम करती है। अगर गेंदे के पौधे पर कीड़े या फिर फंगस के सफेद दाग दिखें तो इस पर पानी का तेज छिड़काव करें। बेहतर होगा कि आप यह काम सुबह की धूप के समय करें। इससे पौधे पर पानी का ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा।

#4

साबुन के पानी का करें छिड़काव

साबुन के पानी का छिड़काव करके आप अपने गेंदे के पौधे को कीड़ों से बचा सकते हैं। इसके लिए आपको बस इतना करना है कि सात से आठ मग सादे पानी में चार से पांच बड़ी चम्मच डिशवॉश लिक्विड सोप अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भरें और इसे कीड़े लगे गेंदे के पौधे पर अच्छे से छिड़कें। ऐसा करने से गेंदे के पौधे से हर तरह के कीड़े हटने लगेंगे।