स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ इन बीमारियों से बचाता है जीरा, आज ही अपनाएं

आज के समय में लोगों की जीवनशैली में तेज़ी से बदलाव हुआ है। इस वजह से लोग तरह-तरह की बीमारियों से घिरे हुए हैं। गलत खान-पान की वजह से आजकल ज़्यादातर लोग पेट संबंधी बीमारियों से ग्रसित हैं। बीमारी हो जाने पर लोग तरह-तरह के इलाज करवाते हैं, लेकिन घर की रसोई में ही कई ऐसी चीज़ें मौजूद हैं, जो कई बीमारियों को जड़ से ख़त्म कर सकती हैं। इन्ही में से एक गुणकारी चीज़ है जीरा।
यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि जीरे से खाने में तड़का लगाया जाए तो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। इसमें पाए जाने वाले तत्व हमें गंभीर बीमारियों से भी बचाने का काम करते हैं। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ़्लेमेटरी और एंटी-फ़्लैटुलेंस गुण पाए जाते हैं, जो स्वस्थ रहने में मदद करते हैं। जीरा लगभग 100 तत्वों से भरपूर होता हैं जो फ़ाइबर, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक, विटामिन, कॉपर, मैंगनीज़ की कमी को पूरा करने का काम करता है।
भारत में जीरे का इस्तेमाल औषधि के रूप में किया जाता है। इसकी तासीर गर्म होती है, इस वजह से इसे गर्मियों की अपेक्षा सर्दियों में खाना ज़्यादा फ़ायदेमंद होता है। जीरे को बीज, पाउडर या तेल किसी भी रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। जीरा पाचनक्रिया सही रखने, एनिमिया से राहत, ख़ून में शुगर की मात्रा नियंत्रित करने, अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से छुटकारा दिलाने के साथ ही कई अन्य शारीरिक समस्याओं से मुक्ति दिलाता है।
जो लोग मधुमेह (डायबिटीज़ या शुगर) की समस्या से पीड़ित हैं, उनके लिए जीरा रामबाण इलाज है। जीरे से इस रोग को कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य के जानकारों का मानना है कि जीरे का पानी पीने से ख़ून में शुगर की मात्रा नियंत्रित रहती है। हालाँकि बिना चिकित्सकीय सलाह के इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसके अलावा जीरा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट फ़्री रेडिकल से लड़ने में मदद करते हैं।
अनिद्रा की समस्या में भी जीरा बहुत फ़ायदेमंद है। जीरे के इस्तेमाल से अनिद्रा से निजात पाया जा सकता है। इसमें मेलाटोनिन पाया जाता है जो नींद के लिए मददगार होता है। इसके लिए रात को सोने से पहले जीरे की चाय पिएं।
जीरा पाचनक्रिया सही रखने के लिए भी जाना जाता है। जीरे में क्यूमिन एल्डिहाइड पाया जाता है, जो लार पैदा करने का काम करता है। लार पाचनक्रिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके अलावा जीरा हड्डियों को भी मज़बूत करता है। इसमें पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम और विटामिन B-12 पाया जाता है, जो हड्डियों को मज़बूत करने का काम करता है। महिलाओं में पीरियड्स के दौरान ओस्टेपेरोसिस के ख़तरे को कम करने में भी जीरा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।