Page Loader
ये 5 पालतू जानवर हैं दुनियाभर में मशहूर, नहीं हैं किसी सेलिब्रिटी से कम
दुनियाभर में मशहूर पालतू जानवर

ये 5 पालतू जानवर हैं दुनियाभर में मशहूर, नहीं हैं किसी सेलिब्रिटी से कम

लेखन अंजली
Nov 18, 2022
03:38 pm

क्या है खबर?

आम लोगों की तरह दुनियाभर की कई प्रसिद्ध हस्तियों को भी पालतू जानवर रखने का शौक है और उनकी तरह उनके यह पालतू जानवर भी किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं होते हैं। सोशल मीडिया पर इन पालतू जानवरों की मजेदार या फिर समझदारी वाली वीडियो को लोग काफी पसंद करते हैं और ये काफी लोकप्रिय होते जा रहे हैं। चलिए आज आपको दुनिया के सबसे मशहूर पांच पालतू जानवरों के बारे में बताते हैं।

#1

आयरलैंड राष्ट्रपति का डॉग 'मिसनीच'

आयरलैंड के राष्ट्रपति माइकल डी हिगिंस को हमेशा उनके पालतू कुत्ते बर्नीज माउंटेन डॉग मिसनीच के साथ देखा जाता है। उनका कुत्ता उनके साथ लगभग हर सार्वजनिक कार्यक्रम में जाता है और हमेशा ही लाइमलाइट का हिस्सा बना रहता है। उसकी सोशल मीडिया पर कई वीडियो हैं जो लोगों को बहुत पसंद आती हैं। हिगिंस के अनुसार, बर्नीज माउंटेन डॉग न केवल स्ट्रॉन्ग होते हैं, बल्कि बुद्धिमान भी बहुत होते हैं।

#2

ब्रिटिश सरकार की बिल्ली 'लैरी'

लैरी एक ब्रिटिश बिल्ली है जो 2011 से 10 डाउनिंग स्ट्रीट स्थित यूनाइटेड किंगडम (UK) के कैबिनेट कार्यालय में 'चीफ मौसर' (चूहे पकड़ने वाली बिल्ली) के रूप में सेवा दे रही है। लैरी पहले एक आवारा बिल्ली थी, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने गोद लिया था। लैरी का एक अनाधिकारिक ट्विटर अकाउंट भी है, जिस पर समय-समय पर उसकी वीडियो और अन्य जानकारी पोस्ट की जाती हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

लैरी का वीडियो

#3

लेडी गागा का फ्रेंच बुलडॉग

लोकप्रिय अमेरिकी सिंगर और अभिनेत्री लेडी गागा का फ्रांसीसी बुलडॉग 'कोजी' उनके जैसे ही दुनियाभर में मशहूर है। उसे अक्सर मैगजीन्स के कवर और रेड कार्पेट पर देखा जा सकता है। इस हाई-प्रोफाइल पालतू जानवर के अपने प्रशंसक-निर्मित वेब पेज भी हैं। इस कुत्ते के मिस एशिया के इंस्टाग्राम पेज पर लगभग 2,18,000 फॉलोवर्स हैं और उसने कोच जैसे लग्जरी ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग भी की है।

#4

डग द पग

'डग द पग' एक कुत्ता है जो अमेरिका के टेनेसी नामक राज्य में रहता है और उसे 'सेलिब्रिटी डॉग' का दर्जा प्राप्त है। इंस्टाग्राम पर उसके लगभग 3.7 लाख फॉलोवर्स हैं और उसे दो बार पीपल्स च्वॉइस अवार्ड मिल चुका है। 2012 में जन्मा यह कुत्ता कई नामचीन विदेशी हस्तियों से मिल चुका है, जिसमें कोल स्प्रूस, माइकल स्ट्रहान और जेडड का नाम शामिल है। 2018 में फोर्ब्स ने उसे इंटरनेट पर दूसरा सबसे प्रभावशाली जानवर बताया था।

#5

आउलकिट्टी

यह एक अमेरिकी बिल्ली है जिसे लिजी के नाम से भी जाना जाता है। पांच साल की यह बिल्ली 'टाइटैनिक', 'जुरासिक पार्क' और 'गेम ऑफ थ्रोन्स' जैसी फिल्मों और सीरीज की पैरोडी में अपने शानदार अभिनय और अपने सोशल मीडिया वीडियो से लोगों को बहुत आकर्षित करती है। इस गोल चेहरे वाली और बड़ी आंखों वाली बिल्ली के इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोवर्स हैं। इस बिल्ली को थिबॉल्ट चार्रोपिन और ओलिविया बून ने गोद लिया था।

इंस्टाग्राम पोस्ट

आउलकिट्टी का मजेदार वीडियो