किमची आंतों से माइक्रोप्लास्टिक को बाहर निकालने में होती है मददगार, अध्ययन में खुलासा
क्या है खबर?
किमची दक्षिण कोरिया के खान-पान का सबसे अहम हिस्सा है, जिसे लोग हर व्यंजन के साथ अचार की तरह खाना पसंद करते हैं। यह फर्मेंटेड व्यंजन है, जिसे खाने से पाचन बेहतर होता है। हालांकि, एक हालिया अध्ययन से सामने आया है कि किमची खाने से आंतों से माइक्रोप्लास्टिक बाहर निकालने में भी मदद मिलती है। माइक्रोप्लास्टिक प्लास्टिक के महीन कण होते हैं, जो पानी, खाने और दवाइयों आदि के जरिए शरीर में प्रवेश करते हैं।
अध्ययन
दक्षिण कोरिया में हुआ अध्ययन
यह अध्ययन दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने किया है और इसे 'बायोरिसोर्स टेक्नोलॉजी' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
अध्ययन के मुताबिक, किमची में 'ल्यूकोनोस्टोक मेसेंटेरोइड्स CBA3656' नाम का बैक्टीरिया खोजा गया है, जो माइक्रोप्लास्टिक को पेट से निकालने में मदद करता है।
यह शर्करा को लैक्टिक एसिड में बदल देता है। जब लैक्टिक एसिड पानी में मौजूद पॉलीस्टाइरीन के कणों से मिलता है तो नैनोप्लास्टिक्स का 87 प्रतिशत हिस्सा अपने अंदर फंसा लेता है।
जांच
जानवरों पर किया गया यह अध्ययन
'वर्ल्ड इंस्टीट्यूट ऑफ किमची' (WiKim) में यह अध्ययन हुआ, जो एक सरकारी वित्तपोषित वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान है।
इसके मुताबिक, मानव आंत की नकल करने के लिए तैयार किए गए एक तरल पदार्थ में इस बैक्टीरिया ने 57 प्रतिशत नैनोप्लास्टिक्स को अपने साथ बांध लिया।
माइक्रोबायोलॉजिस्ट सी ही ली और ताए वूंग वॉन के अध्ययन से पता चलता है कि नैनोप्लास्टिक आंत के इस बैक्टीरिया की सतह से चिपक सकते हैं और उनके साथ शरीर से बाहर निकल सकते हैं।
प्रयोग
प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिहाज से अहम है अध्ययन
इस प्रयोग को चूहों पर किया गया। जब शोधकर्ताओं ने चूहों को किमची से प्राप्त बैक्टीरिया खिलाया तो उनके मल में ज्यादा नैनोप्लास्टिक पाए गए।
ली ने अध्ययन के बारे में कहा, "प्लास्टिक प्रदूषण को अब न केवल पर्यावरणीय समस्या, बल्कि जन स्वास्थ्य से जुड़ी चिंता के रूप में भी तेजी से पहचाना जा रहा है। हमारे निष्कर्ष बताते हैं कि पारंपरिक फर्मेंटेड खाद्य पदार्थों से प्राप्त बैक्टीरिया इस चुनौती से निपटने के लिए नया जैविक दृष्टिकोण हो सकते हैं।"
जानकारी
ज्यादा अध्ययन की है जरूरत
जैसा की हमने पहले बताया कि यह अध्ययन जानवरों पर किया गया था। ऐसे में अभी यह जानने के लिए अधिक अध्ययन की जरूरत होगी कि इसका असर इंसानों पर क्या होता है।