क्या आपके चेहरे की त्वचा रूखी है या डिहाइड्रेटेड? जानें दोनों में अंतर
क्या है खबर?
आजकल कई लोग त्वचा की देखभाल के लिए महंगे से महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने लगे हैं, फिर भी उन्हें मनचाहा नतीजा नहीं मिल रहा है। इसका कारण यह है कि वे अपनी त्वचा के प्रकार और उसकी जरूरतों को समझे बिना ही स्किन केयर रूटीन अपना रहे हैं। अगर आप भी ऐसा कर रहे हैं तो सबसे पहले अपनी त्वचा के प्रकार को पहचानें। आइए जानते हैं कि रूखी और डिहाइड्रेटेड त्वचा में क्या अंतर है।
#1
डिहाइड्रेटेड त्वचा क्या होती है?
डिहाइड्रेटेड त्वचा वास्तव में पानी की कमी के कारण होती है। यह समस्या किसी भी प्रकार की त्वचा पर हो सकती है, चाहे वह तैलीय, मिश्रित या रूखी हो।
डिहाइड्रेटेड त्वचा के लक्षणों में त्वचा का फट जाना, त्वचा का खिंचाव महसूस होना, खुजली होना और त्वचा की बनावट का खुरदरा होना शामिल है।
इसके अलावा डिहाइड्रेटेड त्वचा पर पपड़ी भी बन सकती है।
#2
रूखी त्वचा के लक्षण
अगर आपकी त्वचा रूखी है तो इसके लक्षण डिहाइड्रेटेड त्वचा के समान ही होते हैं, लेकिन रूखी और डिहाइड्रेटेड त्वचा में अंतर होता है।
रूखी त्वचा पर स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से नमी बरकरार रहती है, लेकिन डिहाइड्रेटेड त्वचा पर स्किन केयर प्रोडक्ट्स का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है।
डिहाइड्रेटेड त्वचा पर नमी बरकरार रखने के लिए पानी का सेवन करना जरूरी है।
#3
डिहाइड्रेटेड त्वचा और रूखी त्वचा में क्या अंतर है?
डिहाइड्रेटेड त्वचा पानी की कमी के कारण होती है, जबकि रूखी त्वचा में प्राकृतिक तेल की कमी होती है।
डिहाइड्रेटेड त्वचा का इलाज करने के लिए आपको अपने पानी के सेवन की मात्रा बढ़ानी होगी, वहीं रूखी त्वचा का इलाज करने के लिए आपको मॉइस्चराइजिंग उत्पादों की जरूरत होती है।
डिहाइड्रेटेड त्वचा के लक्षणों में रूखी त्वचा से ज्यादा गंभीर लक्षण होते हैं।
#4
दोनों प्रकार की त्वचा के लिए स्किन केयर रूटीन
अगर आपकी त्वचा रूखी है तो आपको मॉइस्चराइजिंग उत्पादों का इस्तेमाल करना चाहिए, जो प्राकृतिक तेलों से भरपूर हों। ये उत्पाद आपकी त्वचा को पोषण देते हैं और उसे मुलायम बनाते हैं।
दूसरी ओर अगर आपकी त्वचा डिहाइड्रेटेड है तो आपको हाइड्रेटिंग उत्पादों का चयन करना चाहिए, जो त्वचा को नमी प्रदान करते हैं।
इसके लिए आप हाइड्रेटिंग क्रीम, जैतून का तेल या फिर एलोवेरा जेल का इस्तेमाल कर सकते हैं।