दूसरा टेस्ट: चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका की मजबूत पकड़, हार की कगार पर पहुंचा ऑस्ट्रेलिया
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है। दिन का खेल समाप्त होने तक ट्रेविस हेड (87*) और स्कॉट बोलैंड (2*) क्रीज पर मौजूद थे। कंगारू टीम फॉलोऑन खेलने उतरी है और अभी भी टीम 170 रन से पीछे है। दूसरी पारी में उसने 4 विकेट खोकर 156 रन बनाए हैं। ऐसे में आइए चौथे दिन के खेल पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
चौथे दिन का लेखा-जोखा
चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी महज 99 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने 5 विकेट चटकाए।
दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 326 रन की बढ़त मिली, जिसके बाद उसने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन देने का फैसला किया।
दूसरी पारी में भी कंगारू टीम की मुश्किलें कम नहीं हुईं और उसे शुरुआती झटके लगे।
गेंदबाजी
ऐसी रही यानसन की गेंदबाजी
यानसन ने पहली पारी में 11 ओवर गेंदबाजी की और 2 मेडन के साथ 33 रन देकर 5 विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी 425/9 के स्कोर पर घोषित की थी। यानसन ने हेड (14), बोलैंड (2), मैथ्यू रैनशॉ (12), एलेक्स कैरी (0) और ब्यू वेबस्टर (13) को अपना शिकार बनाया।
यह उनके टेस्ट करियर का 5वां 5 विकेट हॉल रहा। यानसन ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है।
रिकॉर्ड
स्मिथ ने पूरे किए 11,000 रन
स्मिथ ने सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में अपनी पहली पारी में 28वां रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट करियर में अपने 11,000 रन पूरे कर लिए।
वह इस बेमिसाल आंकड़े को छूने वाले विश्व के कुल 12वें बल्लेबाज बने।
स्मिथ अब रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर के बाद 11,000 टेस्ट रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं।
स्मिथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1,000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले नौवें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बने हैं।
विकेट
कगिसो रबाडा ने घर पर पूरे किए 200 विकेट
कगिसो रबाडा ने चौथे दिन घर पर अपने 200 टेस्ट विकेट पूरे किए। कंगारू टीम की पहली पारी के दौरान 2 विकेट लिए और मिचेल स्टार्क को आउट करने के साथ ही ये मुकाम हासिल किया।
रबाडा ने अब तक अपने देश में कुल 38 टेस्ट खेले हैं, जिसमें लगभग 20 की औसत के साथ 200+ विकेट चटकाए हैं।
वह डेल स्टेन, मखाया एनटिनी, और शॉन पोलाक के बाद ये आंकड़ा छूने वाले चौथे गेंदबाज बने हैं।
जानकारी
दूसरी पारी में हेड ने जड़ा अर्धशतक
हेड दूसरी पारी में 138 गेंदों में 87 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके बल्ले से 9 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 63.04 की है। ये उनके टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक रहा। उनके बल्ले से 69 टेस्ट में 4,774 रन निकले हैं।