गर्मियों के दौरान इन 5 तरीकों से करें इंडोर गार्डनिंग, मिलेंगे कई फायदे
क्या है खबर?
गर्मियों का मौसम पौधों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि इस दौरान ज्यादा गर्मी के कारण पौधे मुरझाने लगते हैं। हालांकि, अगर आप अपने घर में इंडोर गार्डनिंग करते हैं तो आपके लिए पौधों का ख्याल रखना आसान हो सकता है क्योंकि गर्मियों में घर का तापमान बाहर की तुलना में कम होता है। आइए आज हम आपको इंडोर गार्डनिंग के लिए पांच तरीके बताते हैं, जो पौधों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं।
#1
पौधों को पानी देने के लिए सुबह का समय है सबसे अच्छा
पौधों को पानी देने के लिए सुबह का समय सबसे अच्छा माना जाता है। इससे पहले कि सूरज की किरणें पौधों पर पड़ें, उन्हें पानी दें क्योंकि इससे पौधों के पोषक तत्व प्रभावित नहीं होते हैं। इसके अलावा सुबह पौधों को पानी देने से मिट्टी में नमी बनी रहती है, जिससे गर्मी का असर कम पड़ता है। अगर आप सुबह के समय पौधों को पानी नहीं दे पा रहे हैं तो शाम को पानी दें।
#2
फूल और पत्तियों को ठंडा रखें
अधिक गर्मी के कारण पौधों की पत्तियां और फूल मुरझाने लगते हैं। इससे बचाने के लिए अपने पौधों की पत्तियों और फूलों पर पानी का छिड़काव करें। इससे पत्तियों और फूलों पर मौजूद धूल साफ हो जाएगी और उन्हें ठंडक भी मिलेगी। इसके अलावा आप अपने पौधों के पास एक पंखा भी लगा सकते हैं, जो उन्हें ठंडक देने में मदद कर सकता है।
#3
इनडोर पौधों के लिए सही जगह चुनें
इंडोर पौधों के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां उन्हें पर्याप्त सूरज की रोशनी मिल सके। हालांकि, ध्यान रखें कि उन पर सीधा सूरज न पड़े क्योंकि इससे उनके पत्ते जल सकते हैं। बेहतर होगा कि पौधों को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह के समय हल्की धूप और शाम के समय छांव मिलती रहे।
#4
अच्छी जल निकासी करें सुनिश्चित
अच्छी जल निकासी पौधों के लिए बहुत जरूरी है। अगर पानी अच्छे से निकलता रहेगा तो पौधों की जड़ों में पानी जमा नहीं होगा और वे सड़ेंगे भी नहीं। इसके लिए आप अपने गमलों में छेद कर सकते हैं या फिर गमलों के नीचे एक प्लेट रखकर उसमें पानी डाल सकते हैं। इससे पानी अच्छे से निकलेगा और पौधे भी स्वस्थ रहेंगे।
#5
पौधों को पोषक तत्व दें
इंडोर पौधों को पोषक तत्व देने से वे स्वस्थ रहेंगे और अच्छी तरह से बढ़ेंगे। इसके लिए आप प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो पौधों को प्राकृतिक तरीके से पोषण देता है। इसके अलावा आप बाजार में मिलने वाली खाद का भी उपयोग कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि उसकी मात्रा कम होनी चाहिए। इससे पौधों को नुकसान नहीं होगा और वे तेजी से बढ़ेंगे।