घर के अंदर भी हो सकता है बच्चों के लिए वायु प्रदूषण खतरा, जानिए कैसे
क्या है खबर?
वायु प्रदूषण का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर बहुत गंभीर होता है। हालांकि, जब बात प्रदूषण की होती है तो कई लोग बाहर के प्रदूषण को लेकर चिंता जताते हैं, लेकिन घर के अंदर भी प्रदूषण का खतरा होता है, खासकर छोटे बच्चों के लिए। दरअसल, घर के अंदर भी कई ऐसे तत्व होते हैं, जो बच्चों को बीमार करने का कारण बन सकते हैं। आइए जानते हैं कि घर के अंदर प्रदूषण कैसे होता है।
#1
कीटनाशक का उपयोग
घर के अंदर कीट और कीड़े-मकोड़ों का खतरा भी रहता है, जिन्हें भगाने के लिए कीटनाशक का इस्तेमाल करना पड़ता है।
हालांकि, ये कीटनाशक बच्चों के लिए बहुत हानिकारक होते हैं। इससे बच्चों में सांस की समस्याएं हो सकती हैं।
इसके अलावा, इससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा के लिए कीटनाशक का उपयोग सोच-समझकर करें।
#2
हानिकारक रसायन वाले सफाई उत्पादों का इस्तेमाल
घर को साफ-सुथरा रखने के लिए कई तरह के सफाई उत्पादों का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन उनमें कई ऐसे हानिकारक रसायन होते हैं, जो बच्चों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं।
इनसे सांस लेने पर बच्चों को खांसी, जुकाम और फेफड़ों से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
इसलिए बच्चों के आसपास सफाई उत्पादों का इस्तेमाल करने से बचें और सुरक्षित विकल्पों का चयन करें।
#3
धूम्रपान का प्रभाव
अगर घर में कोई धूम्रपान करता है तो उसका धुआं भी बच्चों के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे बच्चों को अस्थमा, निमोनिया और ब्रोंकाइटिस जैसी कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
इस धुएं में मौजूद जहरीले तत्व बच्चों के शरीर में पहुंचकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देते हैं और उन्हें बीमार कर देते हैं। इसलिए घर के अंदर धूम्रपान करने से बचें और बच्चों को भी इस आदत से दूर रखें।
#4
प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल
आजकल बाजार में प्लास्टिक के बर्तन बहुत आसानी से मिल जाते हैं, जिनका इस्तेमाल लोग खाना परोसने या स्टोर करने के लिए करते हैं।
हालांकि, गर्म खाने को इन प्लास्टिक के बर्तनों में रखने से बचें क्योंकि इससे शरीर में हानिकारक तत्व जाने लगते हैं, जो बच्चों के लिए मुसीबत बन सकते हैं। प्लास्टिक के बजाय अन्य सुरक्षित विकल्पों का उपयोग करें।
#5
खुशबू फैलाने वाले उत्पादों का इस्तेमाल
घर को महकाने के लिए कई लोग खुशबू फैलाने वाले उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनमें मौजूद हानिकारक रसायन बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
इससे बच्चों के फेफड़ों पर बुरा असर पड़ सकता है, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत और कई अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
बच्चों के आसपास खुशबू वाले उत्पादों का इस्तेमाल करने से बचें और प्राकृतिक विकल्पों का चयन करें।