Page Loader
कई शारीरिक समस्याओं से राहत दिला सकता है गाजर का रस, जानिए इसके जबरदस्त फायदे

कई शारीरिक समस्याओं से राहत दिला सकता है गाजर का रस, जानिए इसके जबरदस्त फायदे

लेखन अंजली
Oct 17, 2020
12:49 pm

क्या है खबर?

शरीर को तरोताजा रखने के लिए गाजर के रस का सेवन काफी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसके लाभ यहीं समाप्त नहीं होते हैं। यह कई पोषक तत्वों से समृद्ध होता है और शरीर को स्वस्थ रखने और बीमारियों से उसका बचाव करने में सहायक होता है। चलिए फिर आज हम आपको गाजर के रस से मिलने वाले ऐसे फायदों के बारे में बताते हैं जिन्हें जानने के बाद आप इसे अपनी डाइट में शामिल करने पर मजबूर हो जाएंगे।

#1

कैंसर के जोखिमों को कम करने में कारगर है गाजर का रस

गाजर के रस में एंटीकैंसर और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं जो कैंसर सेल्स को पनपने से रोकते हैं और शरीर में कैंसर नहीं फैलता। इसके अलावा कई पोषक तत्वों से भरपूर गाजर का रस धूम्रपान से होने वाले कैंसर के खतरे को भी दूर कर सकता है। इसलिए जिन लोगों को ध्रूमपान करने की आदत या कैंसर है तो अपने डॉक्टर की सलाह लेकर रोजाना गाजर के रस का सेवन शुरू कर दें।

#2

रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार लाता है गाजर का रस

कुछ लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, इसलिए बदलते मौसम के साथ ही उन्हें सर्दी-खांसी और बुखार हो जाता है। ऐसे में अगर गाजर के रस का सेवन किया जाए तो रोग प्रतिरोधक क्षमता में काफी हद तक सुधार हो सकता है। दरअसल, गाजर के रस में मौजूद एंटीबैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और अन्य गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं। इतना ही नहीं इसमें मौजूद विटामिन-बी शरीर को बीमारियों से लड़ने में मदद कर सकता है।

#3

हृदय की बीमारियों से बचाता है गाजर का रस

आजकल की असंतुलित जीवनशैली के कारण लोगों को हाई कोलेस्ट्रॉल और हृदय से जुड़ी कई बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अगर गाजर के रस का सेवन किया जाए तो शरीर में हानिकारक कोलेस्ट्रॉल के साथ-साथ हृदय की बीमारियां होने का खतरा कम होता है। इसमें एंटी-हाइपरलिपिडेमिया, एंटी-हाइपरग्लाइसेमिक और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं जो रक्त लिपिड का स्तर संतुलित करके हृदय को सुरक्षा प्रदान करते हैं।

#4

पाचन क्रिया के लिए फायदेमंद है गाजर का रस

गाजर के रस का सेवन पेट संबंधी समस्याओं से राहत पाने और पाचन क्रिया को स्वस्थ बनाए रखने के लिए किया जा सकता है। इसमें प्रीबायोटिक गुण होते हैं जो शरीर में लैक्टिक एसिड का उत्पादन बढ़ाकर पाचन शक्ति को बेहतर करने का काम करते हैं और आंत को संक्रमण से बचाते हैं। अगर आपको पेट संबंधी समस्याओं से बचे रहना है तो अपनी डाइट में गाजर के रस को जरूर शामिल करें।