लखनऊ में IPL मैच देखने जाने वाले हैं? इन 5 व्यंजनों का स्वाद चखना न भूलें
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन शुरू हो चुका है। इस प्रतियोगिता का सभी क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस साल IPL के 7 मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले हैं। जाहिर है कि दूर-दूर से लोग इन मैचों को देखने के लिए लखनऊ आएंगे। इस यात्रा के दौरान मैच देखने के बाद आप वहां के इन 5 मशहूर पकवानों का जयका आजमा सकते हैं।
#1
बास्केट-चाट
लखनऊ की 'बास्केट चाट' को चाट की रानी माना जाता है। जैसा कि नाम से पता चलता है यह चाट एक टोकरी के आकार में आती है। इसे बनाने में आलू टिक्की, पापड़ी, भल्ले, तले और कटे हुए आलू या सेव, चने, दही और हरी चटनी शामिल हैं। इन पर अंत में कुछ अनार के दाने और मसाला छिड़का जाता है, जो जायके को और बढ़ा देता है। आपको बास्केट चाट का लुत्फ उठाने के लिए रॉयल कैफे जाना चाहिए।
#2
गलावट कबाब
पुराने लखनऊ की गलियों में घूमते हुए एक सुगंध आपको आकर्षित करेगी, जो गलावट कबाब की होगी। इन्हें लखनऊ की शान माना जाता है और इनका स्वाद मन को मोह लेता है। यह कबाब इतना नरम और स्वादिष्ट होता है कि खाते ही मुंह में घुल जाता है। लखनऊ में टुंडे कबाब और दस्तरख्वान के गलावट कबाब सबसे मशहूर हैं। इस कबाब को शीरमाल, रुमाली रोटी या पराठे के साथ खाया जाता है।
#3
बिरयानी
लखनऊ की बिरयानी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। यह बिरयानी स्वाद में बेहतरीन होती है और इसमें कम मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें मसालों का ऐसा मेल होता है कि इसका स्वाद और सुगंध, दोनों ही खास हो जाती है। यहां आप लल्ला, इदरीस, वाहिद और टुंडी की बिरयानी का जायका ले सकते हैं। इसके अलावा आप कई जगहों पर शाकाहारी बिरयानी का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
#4
शीरमाल
लखनऊ अपनी अलग-अलग तरह की रोटियों के लिए भी जाना जाता है। इनमें से एक स्वादिष्ट रोटी है शीरमाल, जिसे यहां के लोग नाश्ते में खाना पसंद करते हैं। यह एक हल्की मीठी और केसर के स्वाद वाली रोटी होती है, जिसका रंग नारंगी होता है। यह दूध, गेहूं का आटा, मैदा, चीनी, केसर और घी मिलाकर बनाई जाती है। आम तौर पर इसे सब्जी और कबाब के साथ खाते हैं, लेकिन इसे चाय के साथ भी खाया जाता है।
#5
मक्खन मलाई
मक्खन मलाई एक मशहूर मीठा व्यंजन है, जो पुराने लखनऊ की गलियों में मिलता है। लखनऊ के नवाब मसूद अब्दुल्लाह के अनुसार, मक्खन मलाई को कई नामों से जाना जाता है। लखनऊ में इसे 'नमीश' कहकर पुकारा जाता है। 'नमीश' का मतलब है, जो पल भर में घुल जाए। यह चौक में मिलती है और इसे दूध और क्रीम के मिश्रण से बनाया जाता है। इसे खाने के बाद आपका दिल खुश हो जाएगा।