इन 5 पारंपरिक पेय पदार्थों के बिना अधूरा है होली का जश्न, जानिए बनाने का तरीका
क्या है खबर?
रंगों का त्योहार कहलाई जाने वाली होली अपने साथ खुशियां लेकर आती है। इस दिन लोग बैर भुलाकर गले मिलते हैं और एक-दूसरे को रंग लगाते हैं।
इस साल 13 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा और 14 मार्च को रंग खेला जाएगा। गुजिया, पापड़ और नमक पारे जैसे पकवानों के साथ-साथ इस दिन कई तरह के स्वादिष्ट पेय भी बनाए जाते हैं।
इन पारंपरिक पेय पदार्थों के बिना होली का जश्न अधूरा रह जाएगा। आइए इनकी रेसिपी जानते हैं।
#1
ठंडाई
ठंडाई होली पर एक लोकप्रिय पेय पदार्थ है, जिसके बिना इस त्योहार का जश्न अधूरा रहता है। इसके लिए आपको बादाम, खसखस, सौंफ, गुलाब जल, गुलाब की पंखुड़ियों और इलायची की जरूरत पड़ेगी।
इन सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से पीसकर दूध में मिला लें। अब इसमें चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं। इसे छानकर बर्फ डालें और ठंडा-ठंडा परोसें।
यह पेय आपके मेहमानों को ताजगी और आनंद का अनुभव देगा।
#2
आम पन्ना
होली खेलते समय सभी ने आम पन्ना जरूर पिया होगा। आप इस स्वादिष्ट और ताजगी भरे पेय को आसानी से घर पर बना सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले कच्चे आमों को धोकर भिगो लें और कुकर में उबाल लें। ठंडा होने के बाद इन्हें छील लें और इनके बीज हटाकर गूदे को कटोरे में निकालें।
इसमें चीनी, जीरा पाउडर, काला नमक, काली मिर्च का पाउडर, नमक, पानी और पुदीने के पत्ते डालकर पीस लें।
#3
लस्सी
होली के दिन घर आए मेहमानों को आप मीठी लस्सी बनाकर पिला सकते हैं। यह पेय आपको तारों-ताजा महसूस करवाएगा और इसका स्वाद आपके मन को तृप्त कर देगा।
लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले दूध, दही और मलाई को मथनी की मदद से फेंट लें। इसमें थोड़ा-थोड़ा करके चीनी मिलाते जाएं और गुलाब जल भी शामिल कर दें।
जब दूध में हल्का-हल्का झाग बनने लगे तब इसे गिलास में निकालकर परोसें और ऊपर से बारीक कटे मेवे छिड़क दें।
#4
जलजीरा
होली के दिन अगर आप जलजीरा पिएंगे तो आपको ठंडक और ताजगी महसूस होगी। इसे बनाने के लिए एक जग में ताजे पुदीने के पत्ते, ताजा हरा धनिया, अदरक का जूस और ठंडा पानी मिला लें।
अब इसमें नींबू का रस, भुना हुआ जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर, हींग, काला नमक, काली मिर्च और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद इस मिश्रण को एक गिलास में निकालें और बर्फ डालकर परोसें।
#5
कांजी
कांजी एक बेहद पौष्टिक पेय पदार्थ है, जिसे आप होली पार्टी के मेन्यू में शामिल कर सकते हैं। इसके जरिए पाचन दुरुस्त होता है, शरीर हाइड्रेट होता है, ऊर्जा मिलती है और गर्मी से भी छुटकारा मिल जाता है।
इसे बनाने के लिए आपको गाजर, चुकंदर, सरसों के दाने, पानी, काला नमक और हींग की जरूरत पड़ेगी। सबसे पहले पानी उबालें और उसमें सभी सामग्रियों को मिला दें।
अब इसे ठंडा करके पियें।