
गुजरात के पांच ऑफबीट पर्यटन स्थल, जिनकी खूबसूरती है बेमिसाल
क्या है खबर?
आजकल कई लोग ऐसी जगहों की तलाश करते हैं जो भीड़-भाड़ से दूर और शांत हो।
अगर आप भी किसी जगह की तलाश में हैं तो गुजरात के कुछ प्रमुख ऑफबीट पर्यटन स्थल आपनी इस इच्छा को पूरा कर सकते हैं। वहां जाकर आप सुकून के पल बिता सकते हैं।
आइए आपको गुजरात के ऐसे पांच खूबसूरत ऑफबीट पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं, जिनके बारे में आपने शायद ही पहले कभी कुछ सुना होगा ।
#1
पिरोटन और नारला द्वीप समूह
पिरोटन और नारला द्वीप समूह गुजरात की बेहद खूबसूरत और शांत वातावरण वाली जगह हैं, लेकिन वहां जाने के लिए आपको प्रशासन की अनुमति लेने की जरूरत होगी।
आपको गुजरात पहुंचने के बाद इन द्वीपों पर जाने के लिए नावों को किराए पर लेकर लगभग डेढ़ घंटे का सफर तय करना होगा।
यह द्वीप घने बड़े पेड़ों से घिरा हुआ है और यहां पर लोग भी बहुत कम हैं। ऐसे में वहां जाकर आपको बेहद अच्छा लगेगा।
#2
लोथल
प्राचीन इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा लोथल सिंधु घाटी सभ्यता के शहरों में से एक बहुत ही महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर है। इसकी खोज 1954 में हुई थी।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के मुताबिक, यहां की खुदाई में विभिन्न पुराने उपकरण, मुहरें, बांट, माप और पाषाण उपकरण मिले हैं।
यही वजह है कि इतिहासकारों की सूची में यह जगह भी शामिल है। अगर आपको इतिहास में रूचि है तो एक बार इस जगह का रुख जरूर करें।
#3
थोल लेक बर्ड सैंक्चुअरी
अगर आपको करीब से पक्षियों को देखना पसंद है तो थोल लेक बर्ड सैंक्चुअरी जरूर जाएं।
थोल एक मीठे पानी की झील है जो दलदली भूमि से घिरी हुई है और यह पक्षियों की 150 से अधिक प्रजातियों का घर है।
इस अभयारण्य की शांति और हरियाली आपके मन को सुकून देने के साथ ही आंखों को भी राहत देगी।
यहां देखे जाने वाले पक्षियों की दो सबसे अधिक ध्यान देने योग्य प्रजातियां राजहंस और सारस क्रेन हैं।
#4
मांडवी बीच
मनमोहक सूर्यास्त और साफ-सफाई के लिए प्रसिद्ध मांडवी बीच मांडवी शहर का हिस्सा है। इस शहर की स्थापना कच्छ के राव खेंगारजी ने 1580 में की थी।
यह शांत समुद्र तट भीड़-भाड़ वाला इलाका नहीं है इसलिए आप छुट्टियों के दौरान आकर सुकून के कुछ क्षण बिता सकते हैं और टहलते हुए यहां के नजारों को निहार सकते हैं।
आप इस समुद्र तट के पास मौजूद कई ऐतिहासिक संरचनाओं के भी दीदार कर सकते हैं।
#5
गिरमल झरना
100 फीट की ऊंचाई से गिरने वाला गिरमल गुजरात का सबसे ऊंचा झरना है।
यह झरना और इसके आस-पास का नजारा इतना खूबसूरत है कि आपको बार-बार इसे ही निहारने का मन करेगा।
यहां अक्सर आपको एक या दो इंद्रधनुष भी देखने को मिल सकते हैं।
इस जगह की वास्तविक सुंदरता को देखने के लिए आपको मानसून में यहां की यात्रा करने का प्लान बनाना चाहिए।