गणेश चतुर्थी विशेष: भारत में इन पांच जगहों पर बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है गणेशोत्सव
क्या है खबर?
देशभर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भारत में गणेशोत्सव का आगाज 1893 में हुआ था और तब से यह 10 दिवसीय उत्सव हर साल पूरे देश में मनाया जाता है।
वैसे तो गणेशोत्सव देशभर में मनाया जाता है, लेकिन देश के कुछ शहरों में इसका विशेष महत्व है। गणेशोत्सव के समय ये शहर बप्पा के रंग में रंग जाते हैं।
आइए ऐसे पांच शहरों के बारे में जानते हैं।
#1
मुंबई
गणेशोत्सव की बात करने पर सबसे पहला नाम महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई का आता है। गणेशोत्सव की शुरूआत ही मुंबई से हुई थी।
दरअसल, 1893 में स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक ने अंग्रेजों के खिलाफ भारतीयों को एकजुट करने के लिए गणेशोत्सव मनाया था और तब से लेकर आज तक मुंबई में बड़ी धूमधाम से यह उत्सव मनाया जाता है।
इस मौके पर मुंबई में जगह-जगह पांडाल लगते हैं, जिनका नजारा काफी अद्भुत होता है।
#2
हैदराबाद
हैदराबाद में भी बप्पा के स्वागत से लेकर विसर्जन तक की महिमा देखने लायक होती है। यहां के लोग भी गणेशोत्सव को बड़े ही शानदार अंदाज से मनाते हैं।
अगर आप कभी गणेशोत्सव के मौके पर हैदराबाद में हों तो घूमने और दर्शन के लिए हैदराबाद में चैतन्यपुरी, खेरताबाद और पुराने हैदराबाद के गणेश पांडाल बेस्ट हैं। यहां के गणेशोत्सव का रोमांच आपका मन मोह लेगा।
हैदराबाद में गेणेशोत्सव के लिए हर साल करीब 75,000 पांडाल लगते हैं।
#3
पुणे
मुंबई के साथ-साथ पुणे में भी गणेशोत्सव की धूम रहती है। पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में भी जाना जाता है।
इस शहर में पेशवाओं के समय में भी भगवान गणेश की भक्ति और मराठी रीति-रिवाज से पूजा की जाती थी।
केसरीवाड़ा गणपति, कस्बा गणपति, तांबड़ी जोगेश्वरी गणपति, गुरुजी तालीम और तुलसी बाग गणपति शहर के कुछ प्रसिद्ध गणेश पंडाल हैं, जहां जाकर आप गणेशोत्सव का आनंद ले सकते हैं।
#4
गोवा
गणेशोत्सव को धूमधाम से मनाने वाली जगहों की लिस्ट में गोवा भी शामिल है, क्योंकि यहां भी विनायक चतुर्थी से लेकर विसजर्न तक धूम मची होती है।
गोवा के म्हापसा शहर में गणेशोत्सव का विशेष महत्व है और इसका कारण है कि यहां गणपति के दो बड़े प्रसिद्ध मंदिर हैं।
इसके अतिरिक्त, यहां गणपति की प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं।उत्सव के दौरान भक्तों का यहां के मंदिरों और पंडालों में तांता लगा रहता है।
#5
तिरुवनंतपुरम
केरल के तिरुवनंतपुरम शहर में भी गणेशोत्सव बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है।
यहां न सिर्फ गणेश चतुर्थी की जश्न मनाया जाता है बल्कि विसजर्न पर भी शानदार माहौल होता है।
विसजर्न वाले दिन यहां के प्रसिद्ध गणपति मंदिर से शांघूमुखम बीच तक गणेश की झांकी निकलती है। जब तक मूर्ति समुद्र में विसर्जित नहीं हो जाती, तब तक विभिन्न प्रकार के वाद्ययंत्रों के साथ स्थानीय कलाकार और नर्तक नृत्य करते हैं।