इस साल की गर्मियों में महिलाओं के बीच लोकप्रिय हो सकते हैं ये 5 फैशन ट्रेंड
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान महिलाएं ऐसे कपड़े पहनना पसंद करती हैं, जो उन्हें ठंडक का अहसास दिलाएं और स्टाइलिश भी दिखें। 2026 में भी ऐसा ही होगा, जहां हल्के रंगों के कपड़े और आरामदायक कपड़ों का चलन रहेगा। इसके अलावा डिजाइन और स्टाइल में भी नए प्रयोग देखने को मिलेंगे। इस लेख में हम कुछ ऐसे फैशन ट्रेंड के बारे में बताएंगे, जो गर्मियों में महिलाओं के बीच लोकप्रिय हो सकते हैं। हम इन्हें स्टाइल करने के फैशन टिप्स भी देंगे।
#1
हल्के रंग
गर्मियों के दौरान हल्के रंगों के कपड़े सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं। सफेद, हल्का नीला, पीला और गुलाबी जैसे रंग न केवल आंखों को सुकून देते हैं, बल्कि गर्मी से भी राहत दिलाते हैं। इन रंगों में कपड़े पहनने से आपका लुक ताजगी भरा और मनोहर लगेगा। इस साल फैशन में नींबू वाले हरे, फिरोजी, टील, कैंडी गुलाबी, लाइलैक, क्लाउड डांसर वाले सफेद और बेज जैसे हल्के रंगों वाले कपड़े प्रचिलित रहेंगे।
#2
स्पोर्टी कपड़े
गर्मी के दौरान इस साल महिलाओं के बीच स्पोर्टी कपड़ों का क्रेज भी दिख सकता है। इनमें पोलो टी-शर्ट, जर्सी, टेनिस स्कर्ट, शॉर्ट्स, स्कोर्ट्स, जोगर्स और लंबी आस्तीन वाली टी-शर्ट शामिल हो सकती हैं। ये कपड़े बेहद आरामदायक होते हैं और हवादार भी होते हैं। इनमें आपको ज्यादा पसीना नहीं आएगा और आप सबसे अलग और ट्रेंडी भी दिखाई देंगी। ये कपड़े एथलेजर ट्रेंड का हिस्सा होते हैं, जो पिछले कुछ सालों से प्रचिलित है।
#3
फ्रिंज वाले कपड़े
कई सालों से महिलाओं के कपड़ों में फ्रिंज नजर नहीं आ रही थीं। हालांकि, इस साल की गर्मियों में इस स्टाइल के लौटने की संभावना है। यह एक तरह की डिजाइन होती है, जिसमें लटकन वाले कपड़े शामिल होते हैं। आपको इस साल स्कर्ट और पैंट आदि में सुंदर फ्रिंज देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा फ्रिंज वाली ड्रेस, टॉप और पारंपरिक कपड़े भी इस साल चलन में आ सकते हैं।
#4
फूलों वाले प्रिंट वाले कपड़े
गर्मियों में जीवंत रंगों और फूलों का खास महत्व होता है, जो गर्मियों के कपड़ों में भी नजर आने वाला है। फूलों वाले प्रिंट वाले कपड़े इस साल बहुत पसंद किए जाएंगे और स्टाइलिश लुक भी देंगे। आप खास दिखने के लिए फूलों वाले प्रिंट वाले टॉप, ड्रेस, स्कर्ट, पैंट, शर्ट और यहां तक की साड़ियां भी पहन सकती हैं। इस प्रिंट वाले सूट हर उम्र की महिलाओं पर अच्छे लग सकते हैं।
#5
कलर ब्लॉकिंग
इस साल गर्मियों के दौरान कलर ब्लॉकिंग का ट्रेंड भी काफी देखने को मिल सकता है। इसमें अलग-अलग जीवंत रंगों वाले कपड़ों को एक साथ स्टाइल करना शामिल होता है। उदाहरण के लिए, आप जीवंत गुलाबी रंग के टॉप के साथ गहरे बैंगनी रंग की पैंट पहन सकती हैं। यह एक मजेदार ट्रेंड है, जिसमें आप किसी भी रंग के कपड़ों को मिलाकर शानदार आउटफिट बना सकती हैं। इन ट्रेंड को अपनाकर आप गर्मियों में सबसे खूबसूरत लगेंगी।