घर को देना है शाही लुक? आज ही लगाएं ये 4 विदेशी पौधे
क्या है खबर?
आज के समय में प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि लोग अपने घर की हवा को शुद्ध करने के लिए घर के अंदर पौधे लगाना पसंद करते हैं।
ये पौधे घर की सजावट का जरिया भी बन जाते हैं। मनी प्लांट, पीस लिली और स्नेक प्लांट जैसे पौधे तो सभी के घरों में होते हैं।
इनके साथ-साथ आप कुछ विदेशी पौधे भी लगा सकते हैं, जो घर को एक शाही लुक देंगे और हरियाली को बढ़ा देंगे।
#1
फ्लेमिंगो पौधा
फ्लेमिंगो पौधा लाल रंग के सुंदर फूलों से लदा रहता है, जिसे एंथुरियम भी कहते हैं। इस पौधे में उगने वाले फूलों की पंखुड़ियां चमकदार और दिल के आकार की होती हैं।
इस पौधे में लाल, गुलाबी, सफेद, हरे या बैंगनी रंग के फूल भी उग सकते हैं। ये फूल घर की शोभा तो बढ़ा देते हैं, लेकिन ये बच्चों और जानवरों के लिए जेहरीले हो सकते हैं।
इसीलिए इन्हें बच्चों और पालतू जानवरों से दूर रखें।
#2
रबर का पौधा
फिकस इलास्टिका एक लोकप्रिय इंडोर पौधा है, जिसे रबर का पौधा कहते हैं। इस पौधे की पत्तियां मोटी और बड़ी होती हैं और उनमें मोम जैसी चमक होती हैं।
यह पौधा रबर की तरह दिखने वाला लेटेक्स नामक दूधिया तरल पदार्थ पैदा करता है, जिस कारण इसका नाम ब्रिटानिका भी रखा गया।
इस पौधे का रखरखाव करना आसान होता है और यह अपनी सुंदरता के कारण सबसे लोकप्रिय पौधों में से एक माना जाता है।
#3
डाइफेनबैचिया पौधा
डाइफेनबैचिया एक बड़ा पौधा होता है, जिसकी पत्तियां भी लंबी और बड़ी होती हैं। इस पौधे को डंब केन या लेपर्ड लिली के नाम से भी जाना जाता है।
यह पौधा घर के अंदर भी आसानी से उगाया जा सकता है और इसे सूरज की हल्की रोशनी और गर्म वातावरण पसंद होता है।
यह पौधा कई अलग-अलग प्रजाति में उपलब्ध होता है, जिनमें पत्तों का रंग और आकार भिन्न होता है।
#4
मॉन्स्टेरा का पौधा
सबसे खूबसूरत और मशहूर विदेशी इंडोर पौधा है मॉन्स्टेरा, जिसे स्विस चीज प्लांट भी कहा जाता है। इस पौधे की पत्तियां चमकदार, बड़ी और मोम जैसी मुलायम होती हैं।
साथ ही, इन पत्तियों में कई प्राकृतिक चीरे लगे होते हैं, जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं। यह पौधा सदाबहार होता है, यानि की इसे किसी भी महीने में उगाया जा सकता है।
साथ ही, इसकी देखभाल करना भी बेहद आसान होता है।