पीठ में दर्द होने पर करें ये एक्सरसाइज, समस्या से जल्द मिलेगी राहत
क्या है खबर?
पीठ में दर्द के कई कारण हो सकते हैं और गलत पॉश्चर में उठने-बैठने से लेकर पीठ पर लगी चोट ऐसे ही कुछ कारण हैं।
इसके अतिरिक्त बिगड़ती जीवनशैली की वजह से भी पीठ दर्द का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि इस तरह के दर्द से राहत दिलाने में कुछ एक्सरसाइज का नियमित अभ्यास काफी सहायक साबित हो सकता है।
आइए आज पीठ के दर्द से छुटकारा दिलाने वाली कुछ एक्सरसाइज के बारे में जानते हैं।
#1
एरोबिक्स एक्सरसाइज
एरोबिक्स एक्सरसाइज के नियमित अभ्यास से हृदय की कार्यक्षमता बेहतर होती है, जिससे ब्लड प्रेशर को अच्छी तरह से संचालित करने में काफी मिलती है।
इसके अलावा यह एक्सरसाइज मांसपेशियों की थकान को कम करते हुए पीठ दर्द से राहत दिलाने में भी मदद कर सकती है।
एरोबिक एक्सरसाइज में आप अपने वर्कआउट रूटीन में स्विमिंग, रनिंग, जॉगिंग, साइकिलिंग और वॉकिंग आदि को शामिल कर सकते हैं।
आप इन एक्सरसाइज को रोजाना 20-30 मिनट तक करें।
#2
शोल्डर श्रग एक्सरसाइज
शोल्डर श्रग एक्सरसाइज करके भी पीठ दर्द दूर किया जा सकता है। इसे करने के लिए पहले एकदम सीधे खड़े हो जाएं, फिर अपने दोनों हाथों में क्षमतानुसार अधिकतम भार वाले डंबल लें। अब अपने कंधों को कानों की तरफ उठाएं और धीरे-धीरे नीचे करें।
इस दौरान कंधे बिल्कुल सीध में ऊपर और नीचे की ओर बढ़ने चाहिए। किसी अन्य दिशा में कंधों को न घुमाएं।
आप चाहें तो इस एक्सरसाइज को डंबल के बिना भी कर सकते हैं।
#3
पेल्विक टिल्ट
पेल्विक टिल्ट एक्सरसाइज भी पीठ दर्द से राहत दिलाने में मदद कर सकती है।
इसके लिए सबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर पीठ के बल आराम से लेटें। अब अपने पैरों को घुटनों से मोड़ें और कूल्हों के थोड़ा नजदीक लाएं। इस दौरान अपने दोनों हाथों को सीधा और पीठ के अगल-बगल चिपका कर रखें।
इसके बाद अपने घुटनों और कूल्हों को ऊपर उठाएं। इसी स्थिति में करीब 10 सेकंड तक रहने का प्रयास करें, फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।
#4
नी टू चेस्ट एक्सरसाइज
यह एक्सरसाइज भी पीठ दर्द से छुटकारा दिलाने में सहायक साबित हो सकती है।
इसके लिए सबसे पहले पीठ के बल जमीन पर सीधे लेटकर अपने दाएं पैर के घुटनों को मोड़ते हुए पेट या छाती के ऊपर लाएं।
अब अपने दोनों हाथों से दाएं घुटने को 10 सेकेंड तक पकड़े रहें, फिर पहले वाली अवस्था में लौट जाएं। इसके बाद इस एक्सरसाइज को दूसरे पैर से भी इसी तरह दोहराएं।