AI इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों पर मालिक करते हैं कम भरोसा, अध्ययन में हुआ खुलासा
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने से ज्यादातर काम बस एक 'क्लिक' पर हो जाते हैं। इसने कई लोगों की नौकरियां भी आसान की हैं, क्योंकि लोग काम के लिए इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल करने लगे हैं। हालांकि, अगर आप AI के जरिए काम करने वाले हैं तो आपके मालिक आपसे नाखुश हो सकते हैं। एक नए अध्ययन से सामने आया है कि AI इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों पर उनके मालिक भरोसा नहीं करते हैं।
अध्ययन
शोधकर्ताओं ने मिलकर किए 6 अध्ययन
ज्यादातर कर्मचारी अपने मालिकों से छिपाकर काम पूरा करने के लिए AI का सहारा लेने लगे हैं। ऐसे में यह अध्ययन विश्वसनीयता के लिहाज से भी अहम था।
यरूशलेम की हिब्रू यूनिवर्सिटी और जर्मनी की WHU ने मिलकर इससे जुड़े 6 अध्ययन किए, जिन्हें 'द लीडरशिप क्वार्टरली' पत्रिका में प्रकाशित किया गया।
इनमें से 5 नियंत्रित प्रयोग थे, जो मुख्य रूप से असली पैसों से जुड़े विकल्पों पर आधारित थे।
जांच
ऐसे हुआ पहला अध्ययन
पहले अध्ययन में 392 वयस्क शामिल थे, जिन्होंने कुछ समय के लिए मालिक की भूमिका निभाई। ये लगभग 43 साल के थे और इनके पास लगभग एक दशक का अनुभव था।
इनमें से 219 पुरुष और 173 महिलाएं थीं। हर मालिक को एक प्रतिभागी के साथ जोड़ा गया, जिसने रिसर्च-भर्ती वेबसाइट के लिए सोशल मीडिया पोस्ट लिखी थी।
इनमें से कुछ ने उसे खुद लिखा, कुछ ने AI की मदद ली और कुछ ने किसी की पोस्ट की नकल की।
दूसरा
AI पर प्रतिबंध लगाने पर भी खराब रहे नतीजे
जिन कर्मचारियों ने AI का इस्तेमाल किया था, वे केवल 11 प्रतिशत मामलों में ही भरोसा जीत पाए थे। दूसरे अध्ययन में 601 लोगों को बताया गया कि किसी कंपनी ने AI पर प्रतिबंध लगा दिया है, उसे बढ़ावा दिया है या इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
प्रतिबंध की स्थिति में AI का उपयोग करने वालों पर भरोसा 19 प्रतिशत था, जबकि चुप्पी की स्थिति में यह 33 प्रतिशत था।
पांचवा
मालिक की राय भी आई सामने
जब AI को बढ़ावा दिया गया तो उपयोगकर्ताओं पर भरोसा 47 प्रतिशत पहुंच गया। पांचवे अध्ययन में 204 कर्मचारियों को उनके पूर्व मालिक का एक वास्तविक नोट दिखाया गया।
इसमें या तो कर्मचारी पर भरोसा जताया गया या उसके काम की दोबारा जांच की गई। इसमें AI का जिक्र नहीं था।
जिन लोगों ने भरोसे वाला नोट पढ़ा, उन्होंने कर्मचारी को काम के प्रदर्शन, अच्छे सदस्य के रूप में व्यवहार और प्रमोशन की संभावना के मामले में बेहतर रेटिंग दी।
निष्कर्ष
निष्कर्ष पर डालें नजर
अध्ययन के नतीजों के मुताबिक, जब मालिक को पता चलता है कि कर्मचारी ने AI का इस्तेमाल किया है तो वे उसके दावों पर शक करने लगते हैं।
जब किसी कर्मचारी ने कोई काम खुद किया तो मालिक 68 प्रतिशत मामलों में बिना दोबारा जांच किए ही उसकी बात मान लेते थे। जब इसमें AI शामिल हुआ तो यह आंकड़ा घटकर 24 प्रतिशत रह गया।
सभी मालिकों को सॉफ्टवेयर के AI इस्तेमाल का पता चल रहा था।