Page Loader
ईद पर खूबसूरत दिखने के लिए महिलायें करें इन कपड़ों का चुनाव, सभी करेंगे तारीफ 

ईद पर खूबसूरत दिखने के लिए महिलायें करें इन कपड़ों का चुनाव, सभी करेंगे तारीफ 

लेखन सयाली
Apr 07, 2024
04:30 pm

क्या है खबर?

ईद-उल-फितर सबसे बड़े इस्लामी त्योहारों में से एक है। रमजान के दौरान एक महीने के रोजे के बाद ईद उत्सव मनाने का प्रतीक है। इस त्योहार को इस्लामिक कैलेंडर में 10वें शव्वाल के पहले दिन मनाया जाता है। इस वर्ष यह पर्व 11 अप्रैल को मनाया जाएगा।। ईद पर सभी मुस्लिम महिलायें बेहद सुंदर पोशाकों में तैयार होती हैं। इस साल ईद पर सबसे अलग दिखने के लिए अपनाएं ये फैशन टिप्स

#1

लखनवी चिकन का सूट 

लखनऊ शहर का चिकनकारी का काम देशभर में मशहूर हो रहा है। आप ईद पर चिकन का सूट या कुर्ती चुन सकती हैं। हरे रंग के टोन वाली पोशाक इस खास त्योहार पर पहनने के लिए बढ़िया रहेगी। आप हरा लखनवी शरारा सेट भी पहन सकती हैं, जो अपनी सुंदर डिजाइन के साथ आपको एक शाही लुक देगा। हल्के जॉर्जेट या कॉटन से बने ये कपड़े आराम सुनिश्चित करते हैं, जिन्हें आप बेफिक्र हो कर पहन सकेंगी।

#2

ऍप्लिक पिंटक कुर्ता सेट 

ऍप्लिक पिंटक एक आकर्षक पहनावा है, जो एक एलिगेंट लुक देता है। ऑलिव हरे और धातुई रंगों वाला यह कुर्ता सेट चुनने से आपको शाही महसूस होगा। इसमें इस्तेमाल किया जाने वाला शानदार सूती रेशम का कपड़ा आराम और स्टाइल दोनों सुनिश्चित करता है। इस सेट में कुर्ता और पैजामा दोनों होते हैं। यह कुर्ता ढ़ीला-ढ़ाला, हवादार और आरामदायक होता है, जिसे पहनकर आप ईद पर सबसे अलग दिखेंगी। आप इस पर बड़े झुमके या बालियां पहन सकती हैं।

#3

पाकिस्तानी सूट 

इन दिनों भारत की महिलायें पाकिस्तान के मशहूर सूट बेहद पसंद कर रही हैं। इन पोशाकों की लोकप्रियता पाकिस्तानी ड्रामा देखने से बढ़ी है। आप इस साल की ईद पर पाकिस्तानी सूट पहन कर सबसे सुंदर नजर आएंगी। पाकिस्तानी सूट में आम तौर पर अधिक कढ़ाई और बारीक काम होता है। इनका कुर्ता हल्का ढ़ीला और सलवार चौड़े पैरों वाली होती हैं। ये सूट वेलवेट, सिल्क आदि जैसे शानदार कपड़ों से बनाए जाते हैं।

#4

ऑर्गेंजा सूट 

ईद का त्योहार गर्मी में पड़ रहा है। ऐसे में स्टाइल के साथ-साथ आराम भी सुनिश्चित करना जरूरी हो जाता है। महिलायें इस ईद पर ऑर्गेंजा जैसे हल्के कपड़ों वाले सूट पहनें। ऑर्गेंजा सूट बेहद सुंदर दिखते हैं और इन दिनों काफी चलन में भी हैं। आप ऑर्गेंजा का प्रिंटेड कपड़ा लेकर उससे अनारकली या A-लाइन कुर्ता सिलवा सकती हैं। इसपर एक आरामदायक पैंट बनवाएं और उसी प्रिंट का दुपट्टा ओढ़ें। इस सूट के लिए हल्के रंगों का चुनाव करें।

#5

नायरा सूट

इस साल हर खास मौके पर सभी महिलाओं की जुबान पर नायरा सूट का नाम आता है। यह सूट आरामदायक होने के साथ-साथ बेहद सुंदर और आकर्षक होता है। नायरा सूट में कुर्ता सीने के पास से फिट और नीचे से बेहद ढ़ीला होता है। इस सूट में ज्यादातर महिलायें गोल या V आकार का गला बनवाना पसंद करती हैं। आप इस पर सुंदर जयपुरी जूतियां पहन कर लुक में चार-चांद लगा सकती हैं।