LOADING...
एक बार चखने के बाद नहीं भूल पाएंगे कुरकुरे मोमो का स्वाद, जानिए बनाने का तरीका
कुरकुरे मोमो की रेसिपी

एक बार चखने के बाद नहीं भूल पाएंगे कुरकुरे मोमो का स्वाद, जानिए बनाने का तरीका

लेखन सयाली
Mar 29, 2026
03:26 pm

क्या है खबर?

मोमो भारत के लोगों का पसंदीदा स्ट्रीट फूड बन चुका है, जो नेपाल और तिब्बत से आया है। आम तौर पर इसे स्टीम करके खाया जाता है, लेकिन अब इसके कई अलग-अलग प्रकार भी मिलने लगे हैं। इस लेख में हम आपको कुरकुरे मोमो बनाने की रेसिपी बताएंगे, जो बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से जायकेदार होते हैं। इन्हें एक बार खाने के बाद आप इनका स्वाद नहीं भूल पाएंगे। आइए इनकी आसान रेसिपी जानते हैं।

सामग्रियां

कुरकुरे मोमो के लिए जरूरी सामग्री

कुरकुरे मोमो बनाने के लिए आपको जो-जो सामग्री चाहिए होंगी, वो रसोई में आसानी से मिल जाएंगी। इसके लिए आपको 2 कप मैदे, आधा कप पत्तागोभी (बारीक कटी हुई), आधा कप गाजर (कद्दूकस की हुई), आधा कप पत्तेदार सब्जियां (बारीक कटी हुई), 2 बड़े चम्मच तेल, एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक व काली मिर्च (स्वादानुसार), थोड़े-से पानी, मोमो बनाने के लिए तेल, हरी चटनी और टमाटर की चटनी की जरूरत पड़ेगी। इसके अलावा आपको कॉर्न फ्लेक्स चाहिए होंगे।

#1

मोमो का आटा गूंथ लें

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें थोड़ा नमक मिलाएं। अब इसमें पानी डालकर एक नरम आटा गूंथ लें। इस आटे को 20-25 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि यह थोड़ा सेट हो जाए और मुलायम हो जाए। यह प्रक्रिया मोमो के बाहरी लेयर को तैयार करने में मदद करेगी, जिससे वे पकाने पर कुरकुरे बनेंगे और अंदर की फिलिंग अच्छे से पक जाएगी। आप चाहें तो गेहूं के आटे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

Advertisement

#2

फिलिंग तैयार करें

एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट भूनें। अब इसमें पत्तागोभी, गाजर और पत्तेदार सब्जियां डालकर कुछ मिनट पकाएं, जब तक कि सब्जियां नरम न हो जाएं। इसके बाद इसमें नमक और काली मिर्च मिलाकर गैस बंद कर दें। इस फिलिंग को ठंडा होने दें, ताकि इसे मोमो में भरना आसान हो जाए। आप चाहें तो इसमें सोया सॉस या सिरका भी मिला सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाएगा।

Advertisement

#3

मोमो को आकार दें

अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर बेल लें। इन बेले हुए आटे की रोटी पर तैयार की गई फिलिंग रखें और उसे मोमो की तरह मोड़ दें। ध्यान रखें कि मोमो अच्छी तरह बंद हों, ताकि फिलिंग बाहर न निकले। इसी तरह सभी मोमो तैयार कर लें। आप चाहें तो इन मोमो को अलग-अलग आकार में भी बना सकते हैं, जिससे वे देखने में और भी अच्छे लगेंगे।

#4

मोमो को पकाएं

अब तैयार मोमो को भाप में पकाएं। इसके लिए आप मोमो स्टैंड या किसी छलनी का इस्तेमाल कर सकते हैं। जब मोमो एक बार स्टीम हो जाएं तो उन्हें मैदे और पानी की स्लरी में डुबोएं। इसी दौरान कॉर्न फ्लेक्स को अच्छी तरह मसल लें। इनमें मोमो को डुबोएं और गर्म तेल में तल लें। ऐसा करने के बाद आपके कुरकुरे मोमो तैयार हो जाएंगे। इन्हें हरी और लाल तीखी चटनी के साथ खाएं।

Advertisement