पंजाबी तड़का नमकीन है आपकी पसंदीदा? इसे घर पर बनाना भी है बेहद आसान
क्या है खबर?
पंजाबी तड़का एक मशहूर नमकीन है, जिसे लोग चाय के साथ खाना बहुत पसंद करते हैं। यह कई ब्रांड द्वारा बनाई जाती है और आसानी से बाजार में मिल जाती है। हालांकि, बाजार में मिलने वाले पैकेट वाले विकल्प में पाम ऑयल और अन्य रसायन हो सकते हैं। ऐसे में इसे घर पर बनाना ही बेहतर होता है। आइए आज हम आपको घर पर ही पंजाबी तड़का नमकीन बनाने की आसान रेसिपी बताते हैं।
सामग्री
पंजाबी तड़का नमकीन के लिए जरूरी सामग्री
पंजाबी तड़का नमकीन बनाने के लिए आपको साधारण भारतीय सामग्रियों की ही जरूरत होगी, जो रसोई में मिल जाएगी। इसके लिए आपको 2 बड़े उबले हुए आलू, डेढ़ कप बेसन, आधा कप चावल का आटा, आधा चम्मच अजवाइन, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक या आधा चम्मच तेल, नमक, चाट मसाला, काला नमक, अमचूर पाउडर और लहसुन का पाउडर चाहिए होगा।
#1
आटा गूंधें
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में आलू को मीस लें और उसमें बेसन और चावल का आटा मिला दें। अब इसमें अजवाइन, हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच तेल मिला दें। इसे हाथों से ही मिलाएं और मुलायम आटा गूंध लें। अगर आटा ज्यादा चिपचिपा लगे तो उसमें थोड़ा और बेसन शामिल कर दें। इसमें पानी डालने की गलती बिलकुल न करें, वर्ना आटा ज्यादा गीला हो जाएगा।
#2
सेव तैयार करें
आटे को कुछ देर के लिए अलग रख दें और इस दौरान सेव बनाने वाली मशीन में तेल लगा लें। अब एक कढ़ाई में तेल डालकर उसे गर्म होने के लिए आंच पर चढ़ा दें। इस बीच मशीन में तैयार आटे को डालें और उसे चलाते हुए मन चाहे आकार में सेव बना लें। इस आटे से निकलने वाले सेव को सीधा गर्म तेल में ही डालें। इन्हें हल्का भूरा या नारंगी होने तक तलें और टिश्यु पेपर पर निकालें।
#3
अंतिम रूप दें
अब बारी आती है इस नमकीन को उसका असली मसालेदार स्वाद देने की। सभी तले हुए सेव को थोड़ी देर रखकर ठंडा हो जाने दें। इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और मसालों का मिश्रण तैयार करें। इसके लिए नमक, काला नमक, लहसुन का पाउडर, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर मिलाएं। इसे तैयार सेव पर डालें और अच्छी तरह मिला दें। इस नमकीन के साथ अपने स्नैक टाइम को और मजेदार बना लें।