बिना खमीर उठाए 10 मिनट में तैयार करें कर्नाटक का मशहूर नीर डोसा, बनेगा स्वादिष्ट
क्या है खबर?
कर्नाटक का पारंपरिक भोजन नीर डोसा न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। इसको बनाने के लिए खमीर का इस्तेमाल नहीं किया जाता, जिसकी वजह से यह झटपट बनकर तैयार हो जाता है। यह डोसा चावल और नारियल से बनाया जाता है और इसे बनाने में सिर्फ 10 मिनट लगते हैं। आइए आज नीर डोसा की पूरी रेसिपी जानते हैं, ताकि आप इस व्यंजन को घर पर ही बनाकर इसका आनंद ले सकें।
सामग्री
नीर डोसा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
नीर डोसा बनाने के लिए आपको एक कप चावल (कम से कम 6 घंटे पानी में भिगोए हुए), एक चौथाई कप कद्दूकस किया हुआ नारियल, नमक (स्वादानुसार), तेल (तवे पर लगाने के लिए), चटनी के लिए थोड़ा-सा बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और धनिया पत्ती, थोड़ा-सा नींबू का रस और एक चम्मच राई के दाने चाहिए होंगे। आप चाहें तो सामग्री की मात्रा को अपने अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।
बैटर
ऐसे तैयार करें बैटर
नीर डोसे का बैटर बनाने के लिए सबसे पहले भीगे हुए चावलों का पानी निकालकर उन्हें मिक्सी में नारियल के साथ बारीक पीस लें। ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो, वर्ना डोसा बनाने में परेशानी हो सकती है। इसके बाद बैटर को एक बर्तन में निकालकर उसमें नमक मिलाएं। बैटर तैयार होने के बाद इसे 5 से 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो सके।
डोसे
इस तरह से बनाएं नीर डोसा
सबसे पहले एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा-सा तेल फैलाएं। अब एक करछी बैटर लेकर तवे पर गोलाकार गति में फैलाएं। इस तरह पूरे बैटर को तवे पर फैलाएं। इसके बाद डोसे को एक तरफ अच्छे से सेंके, फिर इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंके। आपके डोसे में कई छोटे-छोटे छेद होंगे, जो चिंता की बात नहीं है। इसके बाद तैयार डोसे को एक प्लेट में निकालें, फिर इसी तरह सारे बैटर से डोसे बनाएं।
ट्विस्ट
डोसे को ऐसे दें स्वादिष्ट ट्विस्ट
अगर आप अपने नीर डोसे को थोड़ा अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो इसके लिए आप डोसे के बैटर में थोड़ा-सा पीसा हुआ साबुत जीरा या मेथी दाना भी मिला सकते हैं। इससे डोसा और ज्यादा स्वादिष्ट हो जाएगा। इसके अतिरिक्त आप नीर डोसे के साथ नारियल के बजाय प्याज और टमाटर की चटनी भी बना सकते हैं। इसका आनंद दक्षिण भारतीय सब्जियों के साथ भी लिया जा सकता है।