नेपाल के मशहूर सडेको मोमो उंगलियां चाटने पर कर देंगे मजबूर, जानें आसान रेसिपी
क्या है खबर?
मोमो भारतीय खान-पान का एक अहम हिस्सा बन गए हैं और इसे कई अलग-अलग फ्लेवर में भी बनाया जाता है। इन्हीं में से एक है नेपाली स्टाइल वेज सडेको मोमो, जो स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है। यह मोमो आसानी से बन जाता है और इसका चटपटा और तीखा स्वाद मुंह में पानी ले आता है। आइए आज हम आपको सडेको मोमो की रेसिपी बताते हैं, जिसे आप घर पर कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं।
सामान
सडेको मोमो के लिए जरूरी सामान
नेपाली स्टाइल सडेको मोमो बनाने के लिए आपको जिन चीजों की जरूरत होगी, वो घर पर आसानी से मिल जाएंगी। इसके लिए आपको 250 ग्राम मैदा, 2 बड़े चम्मच तेल, 2 कप बारीक कटी पत्तेदार सब्जियां (गाजर, पत्तागोभी, प्याज, शिमला मिर्च), एक चम्मच सोया सॉस, आधा चम्मच सिरका, नमक, काली मिर्च (स्वादानुसार), 2-3 लहसुन की कलियां, आधा चम्मच अदरक का पेस्ट और आधा चम्मच लाल मिर्च का पाउडर चाहिए होगा।
#1
सबसे पहले गूंथ लें मोमो का आटा
नेपाली स्टाइल वेज सडेको मोमो बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में मैदा, थोड़ा नमक और एक बड़ा चम्मच तेल मिलाएं। अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। इस आटे को 20-30 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि यह सेट हो सके। यह समय आपके अन्य तैयारियों के लिए भी है, जैसे कि सब्जियों को काटना और फिलिंग बनाने के लिए मसाले तैयार करना।
#2
मोमो की फिलिंग तैयार करें
सडेको मोमो के लिए फिलिंग तैयार करने के लिए एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें बारीक कटी हुई सब्जियों को डालकर भूनें। इसमें लहसुन, अदरक का पेस्ट, सोया सॉस, सिरका, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि सब्जियां नरम न हो जाएं। फिलिंग को ठंडा होने दें, ताकि इसे मोमो में भरना आसान हो जाए और स्वाद भी बढ़े।
#3
मोमो को भरने और भाप में पकाने का तरीका
अब गूंथे हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाकर बेलें और हर लोई पर थोड़ा-सा भरावन रखकर इसे मोमो के आकार में बंद कर दें। इसी तरह सभी मोमो तैयार कर लें। इसके बाद एक स्टीमर में थोड़ा पानी गर्म करें और उसमें तैयार मोमो रखकर 15-20 मिनट तक भाप दें। जब मोमो पूरी तरह से पक जाएं तब उन्हें गर्मा-गर्म अलग रखें। इन्हें कुछ देर ठंडा होने दें, फिर फ्राई करने की तैयारी करें।
#4
मोमो को इस तरह करें फ्राई
नेपाली स्टाइल सडेको मोमो फ्राई करके बनाए जाते हैं, जिन्हें आप बनाने के लिए सबसे पहले प्याज, टमाटर और मिर्च आदि को काट लें। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें लहसुन, मिर्च और प्याज को भून लें। इसके बाद इसमें सिरका और सोया सॉस डालें और अन्य सॉस भी शामिल करें। इसका सॉस नहीं बनाना है, बल्कि सूखा ही रखना है। इसमें मोमो को फ्राई करें और थाली में परोसकर खाएं।