LOADING...
नाश्ते में कुछ चटपटा खाने का मन करे तो बनाएं स्वादिष्ट मटर खस्ता, जानिए आसान रेसिपी
मटर खस्ते की रेसिपी

नाश्ते में कुछ चटपटा खाने का मन करे तो बनाएं स्वादिष्ट मटर खस्ता, जानिए आसान रेसिपी

लेखन सयाली
Apr 05, 2026
12:34 pm

क्या है खबर?

मटर खस्ता एक लोकप्रिय भारतीय नाश्ता है, जो स्ट्रीट फूड के रूप में आसानी से सभी जगह मिल जाता है। हालांकि, बाहर मिलने वाले मटर खस्ते की सामग्रियां ताजा नहीं होती हैं। ऐसे में आप इस व्यंजन को घर पर ताजा और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों से बना सकते हैं। इस लेख में हम आपको मटर खस्ता बनाने की पूरी रेसिपी बताएंगे। जब कुछ चटपटा खाने का दिल करे तो इसे झटपट बना लें।

सामान

मटर खस्ता बनाने के लिए लगेगी ये सामग्री

मटर खस्ता बनाने के लिए आपको सामान्य सामग्रियों की ही जरूरत पड़ेगी, जो रसोई में पहले से ही उपलब्ध होंगी। इसके लिए आपको एक कप मैदा, आधा कप मक्खन या घी, एक कप उबली हुई सफेद मटर, हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), अदरक का पेस्ट, जीरा, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चाट मसाला और गरम मसाला चाहिए होगा। सामान की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।

आटा

आटा गूंथने का तरीका

मटर खस्ता बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें मक्खन या घी डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो, क्योंकि इससे पकाने में मुश्किल हो सकती है। गूंथे हुए आटे को एक कपड़े से ढककर 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि वह सेट हो सके। इस आटे से ही खस्ते तैयार किए जाएंगे।

Advertisement

मटर

मटर तैयार करें

अब हमें चटपटी मटर तैयार करनी होगी, जिसके लिए पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें। जब जीरा भून जाए तो उसमें हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालें। इसके बाद उबली हुई सफेद मटर डालकर अच्छे से मिलाएं और इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चाट मसाला और गरम मसाला डालकर पकाएं। इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि मटर थोड़ी सूखी न हो जाए।

Advertisement

आकार

खस्ता को आकार दें

अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें छोटे और गोल आकार में बेल लें। इन बेली हुई लोइयों को गर्म तेल या घी में डालकर अच्छी तरह से तल लें। इसी तरह सारी लोइयां तैयार कर लें। इन्हें तब तक तलें जब तक ये सुनहरे भूरे रंग के न हो जाएं। आपके खस्ते एकदम कुरकुरे होने चाहिए, तभी आपको इस व्यंजन का असली स्वाद मिल सकेगा। इसके बाद आप इसे अंतिम रूप से सकते हैं।

परोसें

मटर खस्ता को इस तरह परोसें

आप अपने मेहमानों या परिवार वालों को यह नाश्ता गर्मा-गर्म परोसें। इसके लिए एक कटोरे में खस्ते को थोड़ा तोड़कर डालें और ऊपर से तैयार मटर डाल दें। इसके ऊपर से इमली वाली मीठी चटनी डालें और थोड़ी-सी मीठी दही डाल दें। स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से चाट मसाला और काला नमक छिड़क दें और इसे तुरंत परोसें। आप यह नाश्ता किसी भी खास अवसर पर बना सकते हैं और मेहमानों को खुश कर सकते हैं।

Advertisement