स्नैक टाइम के लिए बनाएं मिस्र का मशहूर स्ट्रीट फूड फलाफेल, आसान है इसकी रेसिपी
क्या है खबर?
फलाफेल एक स्वादिष्ट और सेहत के लिए अच्छा स्ट्रीट फूड है, जो दुनिया भर में पसंद किया जाता है। यह मुख्य रूप से चने और हर्ब्स से तैयार होता है और मिस्र का पारंपरिक पकवान है। फलाफेल को आमतौर पर तली हुई बॉल्स के रूप में परोसा जाता है, लेकिन इसे बेक करके भी सेहतमंद बनाया जा सकता है। आइए आज हम आपको फलाफेल बनाने की आसान रेसिपी बताते हैं, जिसे खा कर आपके घर वाले आपकी खूब तारीफ करेंगे।
सामग्री
फलाफेल के लिए जरूरी सामग्री
फलाफेल भले ही विदेशी व्यंजन हो, लेकिन इसमें पड़ने वाली सभी चीजें भारतीय रसोई में भी उपलब्ध रहती हैं। इसके लिए आपको एक कप सूखा चना, एक चौथाई कप ताजा हरा धनिया, एक चौथाई कप हरी मिर्च, एक बड़ा चम्मच लहसुन का पेस्ट, एक बड़ा चम्मच जीरा, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर, एक छोटा चम्मच गरम मसाला, नमक (स्वाद के अनुसार), बेकिंग सोडा (वैकल्पिक) और तेल (तलने के लिए) चाहिए होगा।
#1
मिश्रण बना लें
सबसे पहले सूखे चने को पानी से धोकर रातभर के लिए भिगो दें। इसके बाद अगली सुबह चने का पानी निकालकर इसे मिक्सी में पीस लें, लेकिन ध्यान रखें कि इसका पेस्ट ज्यादा बारीक न हो। अब एक कटोरे में चने के पेस्ट के साथ हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन का पेस्ट, जीरा, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद मिश्रण में बेकिंग सोडा मिलाकर इसे थोड़ी देर के लिए छोड़ दें।
#2
फलाफेल को आकार दें
अब मिश्रण से छोटी-छोटी लोईयां बनाकर उन्हें गोल आकार दें। आप चाहें तो इन लोइयों को चपटा करके भी बना सकते हैं। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करके इसमें फलाफेल की लोइयों को डालें और उन्हें सुनहरा भूरा होने तक तलें। जब सारी लोइयां तल जाएं तो इन्हें एक प्लेट में निकाल लें और इसी तरह से बाकी सारे मिश्रण से भी फलाफेल बनाकर उन्हें प्लेट में निकालें।
परोसना
फलाफेल को ऐसे परोसें
फलाफेल को गर्मा-गर्म परोसने के लिए सबसे पहले एक प्लेट में रोटी या पिटा ब्रेड रखें और इसके ऊपर ताजा सलाद, खीरा, टमाटर, फालाफेल और प्याज काटकर डालें। इसके बाद इन पर थोड़ा-सा नींबू का रस और ताजा हरा धनिया बिखेरें। आप चाहें तो फलाफेल को दही या हरी चटनी के साथ भी परोस सकते हैं। यकीन मानिए यह स्वादिष्ट नाश्ता आपके घर के सभी सदस्यों को जरूर पसंद आएगा।