घर पर आसानी से बनाई जा सकती है ढाबे जैसी कुरकुरी मिस्सी रोटी, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
मिस्सी रोटी एक पौष्टिक और स्वादिष्ट रोटी है, जो गेहूं के आटे और बेसन के मिश्रण से बनाई जाती है। यह रोटी थोड़ी सख्त होती है और मसालेदार बनाई जाती है, जिससे इसका स्वाद बेहतरीन लगता है। इसे बनाना बहुत आसान है और यह किसी भी सब्जी या दाल के साथ अच्छी लगती है। आइए आज हम आपको कुरकुरी मिस्सी रोटी बनाने की रेसिपी बताते हैं, जिसे आप अपने घर पर कुछ ही मिनटों में बना सकते हैं।
सामग्री
मिस्सी रोटी बनाने के लिए जरूरी सामान
मिस्सी रोटी एक देसी व्यंजन है, लिहाजा इसके लिए जरूरी सामग्री आसानी से रसोई में मिल जाएगी। इसके लिए 2 कप गेहूं का आटा, एक कप बेसन, एक छोटा चम्मच जीरा, एक चौथाई छोटा चम्मच अजवाइन, नमक (स्वादानुसार), एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चुटकी हींग, थोड़ा-सा बेकिंग सोडा, हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), धनिया और तेल या घी चाहिए होगा। मात्रा को आप कम ज्यादा भी कर सकते हैं।
आटा
आटा गूंथने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और बेसन मिलाएं। अब इसमें नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, अजवाइन, हींग, बेकिंग सोडा, हरी मिर्च और धनिया पत्ती डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इस मिश्रण का नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 15-20 मिनट तक रखें, ताकि यह सेट हो सके और रोटी बनाने में आसानी हो। इससे आटा बेलने में परेशानी नहीं होगी।
बेलना
रोटी बेलने का तरीका
जब आटा अच्छी तरह सेट हो जाए तो आप रोटी बेलने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। इसके लिए अपने हाथों से गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें गोल आकार में बेल लें। रोटी को ज्यादा पतला न बेलें, बल्कि इसे सामान्य रोटी की थोड़ा मोटा ही बेलें, ताकि इसे तवे पर पकाने में कोई परेशानी न हो। इसी तरह सभी लोइयों को बेलकर तैयार कर लें।
सेंकना
तवे पर रोटी सेंकने का तरीका
अब एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा-सा तेल फैला लें। तब तवा अच्छी तरह से गर्म हो जाए तब उस पर बेली हुई रोटी डालकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंके। आप चाहें तो रोटी पर दोनों तरफ से थोड़ा-सा तेल या घी लगा सकते हैं, ताकि यह और भी कुरकुरी बने। इसी तरह सभी रोटियां तैयार कर लें और उन्हें गर्मा-गर्म परोसें। कई लोग इस रोटी को तंदूर पर बनाना भी पसंद करते हैं।
सुरक्षित रखना
मिस्सी रोटी को सुरक्षित रखने का तरीका
अगर आप चाहें तो बची हुई मिस्सी रोटी को हवा बंद डिब्बे में रख सकते हैं। यह कमरे के तापमान पर 2-3 दिन तक ठीक रहती हैं। अगर आप इन्हें फ्रिज में रखें तो ये ज्यादा दिन तक चलेंगी। जब भी भूख लगे, एक रोटी लें और उसे हल्का गर्म करके खाएं। इस तरह आप आसानी से कुरकुरी मिस्सी रोटी बना सकते हैं, जो आपके परिवार को बहुत पसंद आएगी।