मानसून के दौरान इन 5 चाय को बनाकर पीना होगा सही, स्वास्थ्य पर पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव
क्या है खबर?
मानसून यानी बरसात का मौसम अपने साथ नमी और कई तरह के कीटाणुओं को लाता है। इनसे बचाव के लिए शरीर की सुरक्षा यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना जरूरी है और इसके लिए खाने में ऐसे तत्वों को शामिल करना फायदेमंद होता है जो शरीर की सुरक्षा को बढ़ावा दें। इसके लिए चाय एक बेहतरीन विकल्प है। आइए 5 ऐसी चाय की रेसिपी जानते हैं, जिनका सेवन मानसून के दौरान स्वास्थ्य को कई लाभ प्रदान कर सकता है।
#1
तुलसी की चाय
एक बर्तन में पानी को उबालें, फिर उसमें थोड़ा-सा काला नमक मिलाएं। अब इसमें 7 से 8 तुलसी की पत्तियां डालकर 5-10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद बर्तन को ढककर मिश्रण को 10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर इसे छानकर कप में डालें। यह चाय न केवल शरीर की सुरक्षा को बढ़ाने में मदद करती है, बल्कि सूजन कम करने वाले गुणों से भी भरपूर होती है, जो कई समस्याओं से राहत दिला सकती है।
#2
अदरक की चाय
एक बर्तन में पानी डालकर गर्म करें, फिर उसमें थोड़ा-सा काला नमक और 1 इंच कदूकस किया हुआ अदरक डालकर 5-7 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें शहद और नींबू का रस मिलाएं। यह चाय कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होती है, जो शरीर की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ पाचन को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती है।
#3
पुदीने की चाय
एक बर्तन में पानी डालकर उबालें, फिर उसमें 5-6 पुदीने की पत्तियां डालें और 10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इस मिश्रण को एक कप में छानकर डालें और इसमें स्वादानुसार शहद मिलाकर इसे गर्मागर्म परोसें। पुदीने की चाय का सेवन पाचन क्रिया के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह पेट की गैस, सूजन और ऐंठन जैसी समस्याओं से निजात दिलाने का काम कर सकती है।
#4
मसाला चाय
एक बर्तन में पानी डालकर उबालें, फिर इसमें 1 चम्मच चायपत्ती, दालचीनी, इलायची, अदरक, लौंग और काली मिर्च डालकर चाय को अच्छी तरह से उबालें। अब इसमें थोड़ा दूध और शक्कर मिलाकर फिर से चाय को उबालें। इसके बाद चाय को गैस से उतारकर छानकर गर्मागर्म परोसें। मसाला चाय में डाले जाने वाले मसाले शरीर की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ कई तरह की समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं।
#5
हल्दी की चाय
हल्दी की चाय बनाने के लिए एक बर्तन में एक कप पानी गर्म करें, फिर इसमें एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर मिलाकर कुछ सेकंड के लिए उबालें। इसके बाद इसमें एक छोटी चम्मच चायपत्ती डालें और जब तक कि चाय का रंग न बदल जाए, तब तक इसे उबालें। अब चाय को एक कप में छान लें, फिर इसमें स्वादानुसार शहद और नींबू का रस मिलाकर इसे परोसें।