रात में स्किन केयर से जुड़ी ये 5 गलतियां न करें, त्वचा को होगा नुकसान
क्या है खबर?
रात के समय त्वचा की देखभाल करना बहुत जरूरी है क्योंकि इस समय त्वचा खुद को ठीक करने और मरम्मत करने के लिए तैयार होती है। हालांकि, कई लोग रात के समय स्किन केयर रूटीन फॉलो करने के बावजूद कुछ गलतियां कर देते हैं, जो कि त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। आइए आज हम आपको उन गलतियों के बारे में बताते हैं, जो रात के समय स्किन केयर करते समय नहीं करनी चाहिए।
#1
मेकअप साफ करना न भूलें
रात में सोने से पहले मेकअप साफ करना बेहद जरूरी है क्योंकि इससे त्वचा को भरपूर आराम मिलता है और यह खुद को ठीक करने में सक्षम होती है। दरअसल, अगर आप मेकअप नहीं हटाते हैं तो इससे त्वचा को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। मेकअप न हटाने से रोम छिद्र बंद हो जाते हैं और कीटाणु पनपने लगते हैं, जिसके कारण चेहरे पर दाने, लालिमा और रूखापन जैसी समस्याएं हो जाती हैं।
#2
स्क्रब करने से बचें
रात में स्क्रब करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। खासतौर से संवेदनशील त्वचा के लिए यह अधिक हानिकारक हो सकता है। दिनभर की गंदगी और मृत त्वचा की परत को हटाने के लिए स्क्रब की बजाय क्लींजर का इस्तेमाल करें। इसके लिए पहले चेहरे को गुनगुने पानी से धोएं, फिर उस पर फेस क्रीम लगाएं। इससे त्वचा को नमी और पोषण मिलता है, जिससे वह स्वस्थ रहती है।
#3
आंखों के आसपास क्रीम लगाना न भूलें
आंखों के आसपास की त्वचा बहुत नाजुक होती है, लेकिन लोग इस पर सही तरीके से ध्यान नहीं देते हैं। रात में सोने से पहले आंखों के आसपास की त्वचा पर उम्र बढ़ने से रोकने वाली क्रीम या फिर विटामिन वाली क्रीम लगाना न भूलें। यह क्रीम आंखों के आसपास की त्वचा को नमी देने के साथ उसका पोषण भी करती है। इससे आंखों के आसपास की त्वचा कोमल और स्वस्थ रहती है।
#4
होंठों को नमी प्रदान करना जरूरी
रात में सोने से पहले होंठों को नमी प्रदान करना भी जरूरी है क्योंकि इससे वे फटने और सूखे होने से बचे रहते हैं। इसके लिए पहले थोड़ी सी चीनी को शहद में मिलाकर अपने होंठों पर हल्के हाथों से रगड़ें, फिर उन पर पेट्रोलियम जेली या फिर नारियल का तेल लगाएं। आप चाहें तो इस काम के लिए अपने पसंदीदा लिप बाम का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे होंठ मुलायम और स्वस्थ बने रहते हैं।
#5
गंदे बिस्तर पर न सोएं
रात में त्वचा की देखभाल करने के बाद एक साफ बिस्तर पर सोना चाहिए क्योंकि गंदे बिस्तर पर सोने से चेहरे पर दाने आदि हो सकते हैं। इसके लिए अच्छे से बिस्तर की चादर को साफ करें और उसे हफ्ते में एक बार बदलें। इसके अलावा तकिए के कवर को भी हफ्ते में एक बार जरूर बदलें और उसे अच्छे से धोएं। इससे त्वचा को ताजगी और आराम मिलता है।