Page Loader
दही के साथ न करें इन चीजों का सेवन, सेहत को हो सकता है नुकसान

दही के साथ न करें इन चीजों का सेवन, सेहत को हो सकता है नुकसान

लेखन अंजली
May 17, 2021
12:44 pm

क्या है खबर?

अगर भोजन के साथ एक कटोरी दही का सेवन किया जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। इसके सेवन से हमें तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं, लेकिन ऐसा तभी संभव है जब इसका सही तरीके से सेवन किया जाए। बहुत कम लोगों को यह जानकारी है कि दही को कुछ खाद्य पदार्थों के साथ नहीं खाना चाहिए और ऐसा करने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। आइए ऐसे पदार्थों के बारे में जानते हैं।

#1

दही के साथ प्याज का सेवन करना है गलत

दही को प्याज के साथ खाना गलत है क्योंकि दही की तासीर ठंडी होती है, जबकि प्याज शरीर में गर्मी पैदा करती है। इसलिए अगर आप इन खाद्य पदार्थों का एक साथ सेवन करते हैं तो सर्द और गर्म के कॉम्बिनेशन से त्वचा पर चकत्ते, एक्जिमा और सोरायसिस जैसे समस्याएं हो सकती हैं। इसी के साथ ही ऐसे कॉम्बिनेशन के सेवन से पाचन की कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है जिसके चलते गैस या फिर उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

#2

दही को मछली के साथ खाना भी नहीं है सही

दो प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों का एक साथ सेवन करने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और दही और मछली दोनों ही प्रोटीन से समृद्ध खाद्य पदार्थ हैं। इसलिए यह कॉम्बिनेशन स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। अगर आप मछली के साथ दही का सेवन करते हैं तो आपको कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। ध्यान रखें कि दही खाने से तुरंत पहले या बाद में भी मछली खाना सही नहीं है।

#3

दही के साथ दूध का सेवन करना भी है नुकसानदायक

दही और दूध दोनों पशु प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं और इसलिए इनका एक साथ सेवन करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर आप दही और दूध का एक साथ सेवन करते हैं तो इससे गैस, अपच, मतली और उल्टी जैसी पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा इस कॉम्बिनेशन से आपको काफी देर तक असहजता महसूस हो सकती है। बता दें कि दही खाने के करीब एक घंटे बाद ही दूध पीना चाहिए।

#4

दही और घी से बनी चीजों का एक साथ सेवन करना भी है हानिकारक

बहुत से लोग घी से बने परांठे दही के साथ खाना बहुत पसंद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दही के साथ घी में बने हुए खाद्य पदार्थों का संयोजन पाचन क्रिया को धीमा कर देता है और ऐसे में आपको सुस्ती और थकावट महसूस हो सकती है। यही कारण है कि जब लोग दही से बनी एक गिलास लस्सी के साथ छोले भटूरे खाते हैं तो उन्हें बहुत नींद आती है।