घर पर ही लें ढाबा स्टाइल पनीर खुर्चन का आननद, जानिए इस सब्जी की आसान रेसिपी
क्या है खबर?
पनीर की सब्जियां तो कई तरह की होती हैं, लेकिन पनीर खुर्चन का स्वाद और खुशबू बहुत खास है। यह ज्यादातर ढाबे पर मिलती है, लेकिन इसे घर पर बनाना भी बेहद आसान होता है। पनीर खुर्चन को रोटी, पराठे या नान आदि के साथ खाया जा सकता है। इसके लिए आपको कुछ सामान्य सामग्री की जरूरत पड़ेगी। आइए पनीर खुर्चन की रेसिपी जानते हैं, जिसे आप अपने घर पर मिनटों में बना सकते हैं।
सामग्रियां
पनीर खुर्चन के लिए जरूरी चीजें
पनीर खुर्चन बनाने के लिए आपको कुछ साधारण सामग्रियां ही चाहिए होंगी। इसके लिए 250 ग्राम पनीर (बड़े टुकड़ों में कटा हुआ), 2 बड़े चम्मच तेल, एक चम्मच जीरा, एक चुटकी हींग, 2 प्याज (बारीक कटे हुए), 2 टमाटर (बारीक कटे हुए), एक हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), आधा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, नमक (स्वादानुसार) और थोड़ा-सा हरा धनिया (बारीक कटा हुआ) चाहिए होगा।
#1
इस तरह से पनीर खुर्चन बनाने की करें शुरूआत
सबसे पहले एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें, फिर जब जीरा चटकने लगे तो उसमें हींग डालें। इसके बाद प्याज डालकर हल्का भूरा होने तक भूनें। अब इसमें टमाटर और हरी मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं और मसाले डालने से पहले इस मिश्रण को पकने दें। जब मिश्रण अच्छी तरह से पक जाए तो इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
#2
पनीर को इस तरह से करें तैयार
पनीर को हाथों से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें पनीर डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद इसमें पहले से तैयार मसाला डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर पकाएं, ताकि सारे मसाले पनीर में अच्छे से मिल जाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें और पनीर खुर्चन को हरे धनिया से सजाकर गर्मा-गर्म परोसें।
#3
पनीर खुर्चन को इस तरह से बनाएं स्वादिष्ट
पनीर खुर्चन को और भी ज्यादा स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें थोड़ी मात्रा में सूखी मेथी डाल सकते हैं। इसके अलावा आप इसमें थोड़ी-सी मलाई भी मिला सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा। अगर आप तीखा पसंद करते हैं तो इसमें लाल मिर्च पाउडर भी मिला सकते हैं। इसके अलावा आप अपनी पसंदीदा सब्जियों को भी इसमें मिला सकते हैं, जैसे शिमला मिर्च और मटर आदि। इस तरह से आपका ढाबा स्टाइल पनीर खुर्चन तैयार हो जाएगा।