ठंडे पानी की थेरेपी के होते हैं फायदों से ज्यादा नुकसान, अध्ययन में हुआ खुलासा
क्या है खबर?
इन दिनों खिलाड़ियों और फिटनेस के शौकीनों के बीच एक वेलनेस ट्रेंड काफी लोकप्रिय हो रहा है। हम बात कर रहे हैं ठंडे पानी की थेरेपी की, जिसमें बर्फ वाले पानी में डुबकी लगाना और उससे नहाना आदि शामिल हैं। वैसे तो इनके स्वास्थ्य लाभ होते हैं, लेकिन अब एक अध्ययन से सामने आया है कि इनके फायदों से ज्यादा नुकसान हो सकते हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
अध्ययन
ठंडे पानी की थेरेपी का होता है उल्टा असर
ठंडे पानी की थेरेपी को बेहतर प्रदर्शन, मांसपेशियों की जकड़न मिटाने और थकान व मांसपेशियों की क्षति से निपटने के लिए किया जाता है। इससे जुड़े नए अध्ययन को 'जर्नल ऑफ थर्मल बायोलॉजी' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
इसके मुताबिक, असल में इसका असर उल्टा हो सकता है और मांसपेशियां लंबे समय तक क्षतिग्रस्त रह सकती हैं। साथ ही इससे दर्द और तकलीफ में कोई राहत नहीं मिलती है।
जांच
कैसे पूरा हुआ अध्ययन?
अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने 40 प्रतिभागियों से उनकी शुरुआती क्वाड्रिसेप (जांघ की मांसपेशियों) की ताकत मापने को कहा। पैरों के एक्सटेंशन करने के बाद दोबारा माप लेने को कहा गया, जिसके बाद उनकी अधिकतम ताकत 36 प्रतिशत कम हो गई।
रिकवरी के अलग-अलग तरीकों के लिए प्रतिभागियों को 4 समूहों में बांटा गया: 30 मिनट तक गर्म पानी (108°F) में रहना, 15 मिनट ठंडे पानी (48°F) में रहना और 30 प्रतिशत नमी वाली गर्म हवा (86°F) में रहना।
कंट्रोल
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
एक कंट्रोल ग्रुप के लोगों को ठंडे कमरे के तापमान (64°F) और आर्द्रता में रखा गया। जिन लोगों ने ठंडे पानी में डुबकी लगाई, उनकी अधिकतम ताकत में थोड़ी कम रिकवरी हुई और उनकी मांसपेशियों को ज्यादा लंबे समय तक रहने वाला नुकसान पहुंचा।
ठंडे पानी के अलावा बाकी सभी उपचारों से प्रतिभागियों को अगले 3 दिनों के अंदर अपनी अधिकतम ताकत का 88-89 प्रतिशत हिस्सा वापस पाने में मदद मिली।
ठंडे पानी वाले समूह की रिकवरी 82 प्रतिशत रही।
नतीजे
दर्द में नहीं आई कोई कमी
शोधकर्ताओं ने रक्त में उस एंजाइम के स्तर की भी जांच की, जो मांसपेशियों के नुकसान के कारण बढ़ता है।
उन्होंने पाया कि गर्म पानी में डुबोकर रखने पर यह स्तर जल्दी सामान्य हो गया, जबकि गर्म हवा के इस्तेमाल या कुछ न करने की स्थिति में इसमें थोड़ा ज्यादा समय लगा।
जिन लोगों ने ठंडे पानी में डुबकी लगाई थी, उनमें 3 दिन बाद भी क्षति सूचक बढ़े हुए थे। किसी भी थेरेपी के जरिए दर्द कम नहीं हुआ।