बेडरूम की हवा साफ होने से ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मिलती है मदद: अध्ययन
क्या है खबर?
भारत में अनुमानित तौर पर 10.1 करोड़ लोग मधुमेह के साथ जी रहे हैं, जो एक खतरनाक बीमारी है। इसे प्रबंधित करने के लिए ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित रखना जरूरी होता है, जिसके लिए सही डाइट और दवाइयों का सहारा लेना पड़ता है। हालांकि, एक नए अध्ययन से सामने आया है कि बेडरूम की हवा साफ होने से ब्लड शुगर को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
अध्ययन
क्या कहता है अध्ययन?
यह अध्ययन NYU लैंगोन हेल्थ के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किया गया है।
इससे पता चलता है कि सोते समय वायु प्रदूषण के संपर्क को कम करने के लिए पोर्टेबल फिल्टर का उपयोग करने से, प्रीडायबिटीज वाले लोगों में ब्लड शुगर के स्तर में होने वाले बड़े उतार-चढ़ाव को स्थिर किया जा सकता है।
प्रीडायबिटीज के दौरान ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से ज्यादा हो जाता है, जिससे दिल की बीमारियों और मधुमेह का खतरा होता है।
जांच
150 लोग बने अध्ययन का हिस्सा
शोधकर्ताओं ने प्रीडायबिटीज वाले 150 से अधिक पुरुषों और महिलाओं का आकलन किया, जिनकी धमनियों में कोलेस्ट्रॉल जमा होने की कोई समस्या नहीं थी।
अध्ययन में शामिल आधे लोगों को एक महीने तक असली बेडरूम एयर फिल्टर के साथ सोने के लिए कहा गया। बाकी आधे लोगों ने ऐसे नकली फिल्टर का इस्तेमाल किया, जो हवा को साफ नहीं करते थे।
असली फिल्टरों ने हवा में मौजूद हानिकारक कणों के स्तर को 36 प्रतिशत तक कम कर दिया।
प्रक्रिया
कैसे की गई जांच?
प्रतिभागियों ने अध्ययन के दौरान 'कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटर' पहने, जो हर मिनट ब्लड शुगर की जांच करते थे। इन्हें फिल्ट्रेशन से एक हफ्ते पहले और फिर फिल्ट्रेशन के 4 हफ्ते बाद पहना गया, ताकि टीम यह देख सके कि समय के साथ रोजाना के ब्लड शुगर में क्या बदलाव आए।
खाते समय ग्लूकोज पैटर्न का विश्लेषण करने वाले एक AI टूल का इस्तेमाल किया गया, ताकि नाश्ते के दौरान ब्लड शुगर में होने वाले बदलावों पर ध्यान दिया जा सके।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
हवा के ज्यादा साफ होने से दैनिक ब्लड शुगर के उतार-चढ़ाव में लगभग 8 प्रतिशत की कमी देखी गई। साथ ही नाश्ते के बाद सुबह के समय शुगर के स्तर में होने वाली वृद्धि भी कम हुई थी।
नाश्ते के बाद रक्त में मौजूद कुल अतिरिक्त ग्लूकोज में औसतन लगभग 17 प्रतिशत की कमी आई, जबकि नाश्ते के बाद शुगर का उच्चतम स्तर 13 प्रतिशत तक घट गया।
इसके परिणाम 8 नवंबर को 'अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन' में प्रस्तुत किए जाएंगे।