घर पर आसानी से बनाया जा सकता है चॉकलेट बटर, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई चॉकलेट का दीवाना है। चॉकलेट से बने व्यंजन और मिठाई खाने में तो लाजवाब लगते ही हैं, साथ ही इसके कई सेहत से जुड़े फायदे भी हैं। ऐसे में क्यों न चॉकलेट बटर घर पर ही बनाई जाए, जो ब्रेड से लेकर स्नैक्स तक के साथ स्वादिष्ट लगे। आइए आज हम आपको चॉकलेट बटर बनाने का तरीका बताते हैं, जिसे आप कुछ ही मिनटों में घर पर बना सकते हैं।
सामग्री
चॉकलेट बटर बनाने के लिए जरूरी चीजें
चॉकलेट बटर बनाने के लिए आपको आधा कप चॉकलेट, आधा कप मक्खन, चौथाई कप पिसी हुई चीनी, चौथाई कप कोको पाउडर, आधा चम्मच वनीला एसेंस और एक चुटकी नमक की जरूरत पड़ेगी। आप चाहें तो इन चीजों की मात्रा को अपने मन मुताबिक कम या ज्यादा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आप इसमें सूखे मेवे भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और पौष्टिकता बढ़ जाएगी।
स्टेप-1
चॉकलेट को पिघलाएं
सबसे पहले चॉकलेट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, फिर इन्हें डबल बॉयल पद्धति का उपयोग करके पिघलाएं। इसके लिए एक बड़े पैन में पानी गर्म करें और एक कटोरे को इसमें रखें। अब इसमें कटी हुई चॉकलेट डालें और चॉकलेट को पिघलने दें। ध्यान रखें कि पानी का तापमान ज्यादा न हो क्योंकि ज्यादा गर्म पानी से चॉकलेट जल सकती है। मध्यम आंच पर ही चॉकलेट को पिघलाएं।
स्टेप-2
मक्खन को पिघलाएं
अब एक छोटे पैन में धीमी आंच पर मक्खन को पिघलाएं और इसे चॉकलेट वाले मिश्रण में डाल दें। इसके बाद पिसी हुई चीनी, कोको पाउडर, वनीला एसेंस और नमक को अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण को तब तक मिलाते रहें जब तक कि यह पूरी तरह से गाढ़ा न हो जाए। अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे तो इसमें थोड़ा गर्म पानी डालकर मिलाएं। इससे यह सही गाढ़ापन में आ जाएगा।
स्टेप-3
चॉकलेट बटर को ठंडा करें
जब चॉकलेट बटर का मिश्रण अच्छे से मिल जाए तो इसे एक साफ और सूखे कंटेनर में डालकर कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद आपका चॉकलेट बटर तैयार हो जाएगा। इसे आप एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर सकते हैं और जब चाहें इसका आनंद ले सकते हैं। यह चॉकलेट बटर ब्रेड, क्रैकर्स या किसी भी चीज के साथ खाया जा सकता है।
फायदे
चॉकलेट बटर के फायदे
चॉकलेट बटर बनाने के लिए डार्क चॉकलेट का इस्तेमाल किया गया है, जो शरीर के लिए फायदेमंद होती है और दिल की सेहत समेत वजन घटाने में मदद करती है। इसके अतिरिक्त इसमें मौजूद मक्खन सेहत के लिए अच्छा है क्योंकि यह विटामिन-A का अच्छा स्रोत है। पिसी हुई चीनी की वजह से यह मीठा भी है, जो मुंह का स्वाद बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा यह घर पर बने होने के कारण शुद्ध और सुरक्षित भी है।