दुल्हन के बीच लोकप्रिय हो रही अनोखी एक्सेसरी, इसके जरिए वे सजा रही हैं अपने दांत
क्या है खबर?
जब हम दुल्हन के आभूषणों के बारे में सोचते हैं तो दिमाग में सोने का हार, बालियां या चूड़ा आदि आते हैं।
ये सदाबहार जेवर कभी फैशन से बाहर नहीं होते और दुल्हन अपनी पसंद के अनुसार इन्हें कस्टमाइज करवा लेती हैं।
हालांकि, आज की दुल्हन सिर्फ हीरे पहनती ही नहीं हैं, बल्कि वे उनसे अपनी मुस्कान भी सजाती हैं। जी हां, इन दिनों महिलाएं शादी के लिए एक अनोखी एक्सेसरी बनवा रही हैं, जिन्हें दांतों में पहना जाता है।
एक्सेसरी
क्या होती है यह दांतों वाली एक्सेसरी?
दांतों को सजाने के लिए पहनी जाने वाली इस एक्सेसरी को डेंटल ग्रिल्स या ग्रिल्स कहा जाता है। ये आभूषण सोने, चांदी या प्लैटिनम जैसी धातु से बनाए जाते हैं और इनमें हीरे या रत्न जड़े होते हैं।
इन्हें किसी भी अन्य जेवर की तरह अस्थायी रूप से पहना जाता है और जब चाहे निकाला जा सकता है।
आप इस आभूषण को अपनी पसंद के मुताबिक बनवा सकते हैं और यह पुरुषों और महिलाओं, दोनों के लिए होता है।
प्रसिद्धि
कैसे लोकप्रिय हुआ यह आभूषण?
ग्रिल्स हिप-हॉप कल्चर में बेहद मशहूर हैं और इन्हें कई प्रसिद्ध रैपर पहनते भी हैं। हालांकि, गायकों के अपनाने से पहले भी यह लोकप्रिय हुआ करते थे।
दांतों की एक्सेसरीज का इतिहास प्राचीन इट्रस्केन, माया राजवंश और दक्षिण-पूर्व एशियाई राजवंश से जुड़ा है। वे सभी इन्हें शक्ति, हैसियत और अमीरी दिखाने के लिए बनवाते थे।
इस साल शादी करने वाली महिलाएं इन्हें इसलिए पसंद कर रही हैं, क्योंकि इन्हें पहनकर उनकी मुस्कान में चार-चांद लग जाएंगे।
पहनना
कैसे बनाए जाते हैं ग्रिल्स?
दुल्हन के लिए ग्रिल्स आमतौर पर डेंटल जौहरी द्वारा बनाए जाते हैं, जो उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए जाते हैं।
इसके लिए जौहरी सबसे पहले आपके दांतों का एक सांचा तैयार करेगा, जो अच्छी तरह आपके मुंह में फिट हो जाए। इसके बाद आपको अपनी पसंद की धातु, हीरे और डिजाइन चुननी होगी।
इसके बाद वह आपके ग्रिल्स तैयार करेगा, जिसे आप किसी टीथ कैप की तरह पहन पाएंगी।
प्रकार
ग्रिल्स के होते हैं विभिन्न प्रकार
ग्रिल्स कई अलग-अलग प्रकार के होते हैं, जिन्हें आप अपनी पसंद के मुताबिक चुन सकती हैं।
कुछ लोग केवल एक या 2 दांत के लिए ग्रिल्स बनवाते हैं तो कुछ सभी दांतों में इन्हें पहनना पसंद करते हैं।
भारतीय महिलाओं के ऊपर सोने से बने ग्रिल्स सबसे अच्छे लगते हैं, क्योंकि वह पारंपरिक कपड़ों से मेल खाते हैं।
साथ ही कुछ लोग चांदी के ग्रिल्स भी बनवाते हैं और उनमें पन्ना और हीरे जैसे रत्न भी लगवाते हैं।