Page Loader
काजल लगाते समय अपनाएं ये टिप्स, बार-बार नहीं फैलेगा

काजल लगाते समय अपनाएं ये टिप्स, बार-बार नहीं फैलेगा

लेखन अंजली
May 07, 2021
06:00 pm

क्या है खबर?

अगर सही तरह से काजल लगा हो तो आंखें बहुत खूबसूरत लगती हैं। वहीं अगर यही काजल फैल जाए तो इससे न सिर्फ पूरा लुक खराब लगता है बल्कि ऐसा भी लगता है कि आंखों के आस-पास काले घेरे हो गए हैं। अगर आप आंखों में इस डर से काजल नहीं लगाते हैं तो आपको बता दें कि कुछ टिप्स को अपनाकर आप काजल को फैलने से बचा सकते हैं। आइए ऐसे ही कुछ टिप्स के बारे में जानते हैं।

#1

काजल लगाने से पहले आंखों को करें साफ

जब भी आप आंखों में काजल लगाएं तो सबसे पहले अपनी आंखों को धोकर उन्हें तौलिये से टैप-टैप करके सुखाएं। इसके बाद ठंडे पानी में एक छोटा सूती कपड़ा डुबोकर आंखों को हल्के हाथों से पोंछे। इसके बाद पलकों को इयर बड से साफ करें। ऐसा करने से आंखों पर मौजूद पसीना, तेल और गंदगी आदि साफ हो जाएंगी और इससे लंबे समय तक काजल ठीक से लगा रहेगा।

#2

प्राइमर लगाना होगा बेहतर

हो सकता है कि आज से पहले आपने ऐसा कुछ नहीं किया हो, लेकिन अगर आप यह चाहते हैं कि काजल लगाने के बाद वह फैले नहीं तो ऐसे में काजल लगाने से पहले अपनी आंखों के नीचे थोड़ा सा प्राइमर जरूर लगाएं। ऐसा करने से काजल को एक बेहतरीन बेस मिलता है और वह फैलने से बच जाता है। इससे आंखों में काजल लगाना भी काफी आसान हो जाता है।

जानकारी

आंखों के नीचे फेस पाउडर लगाएं

काजल लगाने के बाद एक सॉफ्ट ब्रश की मदद से अपनी आंखों के नीचे फेस पाउडर लगाएं। पाउडर आंखों के आस-पास आने वाले अतिरिक्त तेल को सोख लेगा। यही तेल काजल के फैलने का मुख्य कारण होता है।

#4

सही काजल का करें चयन

यह बेहद जरूरी है कि आप सही काजल का चयन करें क्योंकि आजकल मार्केट में कई तरह के काजल उपलब्ध हैं। बेहतर होगा कि आप अच्छी गुणवत्ता वाले लॉन्ग लास्टिंग और स्मज प्रूफ काजल का ही चयन करें। सामान्य से लेकर रूखी त्वचा तक के लिए पेंसिल और लिक्विड काजल को चुना जा सकता है। वहीं तैलीय त्वचा के लिए जेल काजल का चयन करना बेहतरीन हो सकता है।

#5

काजल लगाने के बाद थोड़ा रूकें

काजल को सेट होने में थोड़ा समय लगता है, इसलिए यह जरूरी है कि आप अपनी आंखों में काजल लगाने के बाद थोड़ी देर रूकें। इससे हमारा मतलब यह है कि काजल को लगाने के तुरंत बाद आंखों पर एकदम से मेकअप न करें और न ही आंखों को रगड़े क्योंकि इससे काजल खराब हो सकता है। आंखों पर काजल लगाने के बाद ज्यादा से ज्यादा पांच मिनट शांत बैठना काफी होगा।