Page Loader
आपके बच्चे भी करते हैं सांता पर विश्वास? क्रिसमस पर उन्हें दें ये 5 अनोखे तोहफे 

आपके बच्चे भी करते हैं सांता पर विश्वास? क्रिसमस पर उन्हें दें ये 5 अनोखे तोहफे 

लेखन सयाली
Dec 17, 2024
05:43 am

क्या है खबर?

बचपन के वो दिन आज भी याद हैं, जब हम सोचते थे कि सांता क्लॉस असल में धरती पर आते हैं और बच्चों को तोहफे देते हैं। क्रिसमस के दिन सभी बच्चे बड़ी ही मासूमियत से अपनी पसंदीदा चीजों की सूची तैयार करते हैं और इस आस को लेकर सोने जाते हैं कि सुबह उन्हें वो चीजें मिल जाएंगी। अगर आपके बच्चे भी हर साल सांता के तोहफों का इंतजार करते हैं तो उन्हें ये 5 अनोखी चीजें भेंट करें।

#1

रिमोट से चलने वाले खिलौने

सभी बच्चों को रिमोट से चलने वाले खिलौने पसंद आते हैं, जिनमें बैटरी लगी होती हैं। आप क्रिसमस के त्योहार पर उन्हें रिमोट से चलने वाली कार या ट्रक भेंट कर सकते हैं। ये खिलौने कई अलग-अलग आकार और प्रकार में उपलब्ध होते हैं, जिनमें से आप पसंद के अनुसार चुनाव कर सकते हैं। साथ ही, इन्हें खरीदने में बहुत अधिक खर्चा नहीं आता है और इनसे खेलकर बच्चे बेहद खुश हो जाते हैं।

#2

क्राफ्ट और ड्राइंग की किट

बच्चों को क्राफ्टिंग या ड्राइंग की कला सिखाने के लिए आप उन्हें तोहफे में क्राफ्ट और ड्राइंग की किट दे सकते हैं। इन किट्स में क्राफ्टिंग का सारा सामान मौजूद होता है और नई-नई चीजें बनाने का तरीका भी लिखा होता है। शुरुआत में बच्चों के साथ मिलकर चित्र या क्राफ्ट बनाएं, जिससे उनकी दिलचस्पी बढ़ जाएगी। धीरे-धीरे वे आपकी मदद के बिना नए क्राफ्ट बनाना सीख जाएंगे और आपका यह तोहफा उनका पसंदीदा बन जाएगा।

#3

लूडो जैसे बोर्ड गेम

क्रिसमस के मौके पर अपने बच्चों को बोर्ड गेम देने पर विचार करें। इन खेलों के जरिए बच्चों का दिमाग तेज होता है, संज्ञानात्मक क्षमता बढ़ती है और वे समस्या समाधान का कौशल भी सीखते हैं। आप उन्हें लूडो, सांप-सीढ़ी, शतरंज, कैरम या मोनोपोली जैसे बोर्ड गेम भेंट कर सकते हैं। इनके अलावा, बाजार में कुछ ऐसे बोर्ड गेम भी मिलते हैं, जिन्हें खेलकर बच्चों की याददाश्त और सीखने की क्षमता सुधर सकती है।

#4

किताबें

अगर आपके बच्चे को किताबें पढ़ना पसंद है, तो उसके लिए कहानी की किताबों से अच्छा तोहफा कोई और नहीं हो सकता। इस खास त्योहार पर बच्चों को सांता और क्रिसमस की कहानी वाली किताबें दें, जिन्हें पढ़कर वे इसके इतिहास को समझ पाएंगे। इसके अलावा, आप उन्हें डिज्नी की राजकुमारियों की कहानियां, पंचतंत्र, चंपक, चाचा चौधरी और जंगल बुक जैसी मशहूर किताबें भी भेंट कर सकते हैं। आप क्रिसमस पर इस तरह से अपना घर सजा सकते हैं।

#5

गुड़िया या गुड्डे

अगर आपका बच्चा बहुत छोटा है, तो आप क्रिसमस पर उसे गुड्डे या गुड़िया दे सकते हैं। रुई से बने गुड्डे चुनें, जो बेहद मुलायम होते हैं और उनके साथ खेलना एक मजेदार अनुभव होता है। अगर आप बेटी के लिए तोहफे का विकल्प तलाश रहे हैं, तो उसे बार्बी डॉल या गुड़िया भेंट करें। बार्बी का 'आप कुछ भी बन सकती हैं' वाला नारा आपकी बेटी को प्रेरणा देगा और उसके साथ खेलकर वह खुश हो जाएगी।