गर्मियों में मेकअप करते समय न करें ये 5 गलतियां, बिगड़ सकता है लुक
क्या है खबर?
गर्मियों में पसीने की वजह से मेकअप का बेस बिगड़ जाता है, जिससे पूरा लुक खराब लगने लगता है। इसके अलावा गर्मियों में त्वचा की देखभाल और मेकअप करते समय कई महिलाएं कुछ ऐसी गलतियां कर बैठती हैं, जिनसे उन्हें नुकसान पहुंच सकता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसी गलतियों के बारे में बताते हैं, जो गर्मियों के दौरान मेकअप करते समय नहीं करनी चाहिए ताकि त्वचा और मेकअप दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।
#1
सही प्राइमर का चयन न करना
गर्मियों के दौरान मेकअप करते समय प्राइमर का इस्तेमाल करना जरूरी है, लेकिन सही प्राइमर का चयन करना भी जरूरी है। अगर आप अपनी त्वचा के प्रकार और मौसम के अनुसार प्राइमर का चयन नहीं करती हैं तो इससे आपका पूरा मेकअप खराब दिख सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आपकी त्वचा तैलीय है तो जेल वाले प्राइमर का चयन करें और सूखी या मिश्रित त्वचा के लिए क्रीम वाले प्राइमर बेहतर रहेगा।
#2
कंसीलर का गलत इस्तेमाल करना
कंसीलर का इस्तेमाल आंखों के सूजने, दाग-धब्बों और अन्य कई छोटे-छोटे दाग को छुपाने के लिए किया जा सकता है, लेकिन गर्मियों में इसका गलत इस्तेमाल करने से आपका पूरा मेकअप खराब दिख सकता है। अगर आप आंखों के नीचे की काली छायाओं को छिपाने के लिए कंसीलर लगाती हैं तो इससे आपकी आंखें सूजी-सूजी सी दिख सकती हैं। बेहतर होगा कि आप आंखों के नीचे हल्का सा कंसीलर लगाएं और उसे अच्छी तरह से मिलाएं।
#3
पाउडर फाउंडेशन का चयन करना
गर्मियों के दौरान पाउडर फाउंडेशन का चयन करना एक बड़ी गलती हो सकती है। इससे आपका चेहरा पाउडर के कारण चिपचिपा हो सकता है और पसीने की वजह से पूरा मेकअप खराब लगने लगता है। इससे बेहतर है कि आप गर्मियों में तरोताजा रखने वाले फाउंडेशन का चयन करें। इसके लिए आप हल्के फाउंडेशन या फिर बीबी क्रीम का चयन करें क्योंकि ये त्वचा को नमी देने के साथ-साथ पसीने को भी नियंत्रित कर सकती हैं।
#4
ब्लश और लिपस्टिक का चयन
गर्मियों के दौरान ब्लश और लिपस्टिक का चयन करते समय भी सावधानी बरतें। गर्मियों के दौरान पसीना और उमस के कारण त्वचा चिपचिपी सी हो जाती है, ऐसे में क्रीम ब्लश और लिपस्टिक का चयन न करें। इसके बजाय आप पाउडर ब्लश और लिपस्टिक का चयन करें, जो लंबे समय तक चेहरे पर टिकी रहेगी और आपको पूरे दिन तरोताजा महसूस कराएगी।
#5
मेकअप हटाने से पहले त्वचा की सफाई न करना
अगर आप मेकअप करने के बाद त्वचा की सफाई किए बिना सो जाती हैं तो यह आपकी सबसे बड़ी गलती हो सकती है। मेकअप हटाने से पहले त्वचा की सफाई न करने से त्वचा पर पिंपल्स और काले धब्बे हो सकते हैं। इसलिए मेकअप करने के बाद चेहरे की सफाई करना न भूलें। इसके लिए सबसे पहले मेकअप हटाने वाले उत्पाद से मेकअप साफ करें और फिर चेहरे को साफ पानी से धोएं।