LOADING...
इस दर्दनाक बीमारी से जूझ रही हैं अर्चना पूरन सिंह, हाथ हिलाना तक हो गया मुश्किल

इस दर्दनाक बीमारी से जूझ रही हैं अर्चना पूरन सिंह, हाथ हिलाना तक हो गया मुश्किल

लेखन सयाली
Jan 12, 2026
07:19 pm

क्या है खबर?

अपने खुशमिजाज स्वाभाव के लिए मशहूर अर्चना पूरन सिंह ने अपनी हंसी के पीछे एक दर्द छुपा रखा है। दरअसल, वह एक दर्दनाक बीमारी का शिकार हो गई हैं और बिना शिकायत किए उससे जूझ रही हैं। उन्हें जटिल क्षेत्रीय दर्द सिंड्रोम (CRPS) हो गया है, जिसकी वजह से उनके हाथ में असहनीय दर्द होता है। इसका खुलासा उनके बेटे ने किया है, जो कहते हैं "उनका हाथ अब कभी पहले जैसा नहीं होगा।" आइए इसके बारे में जानें।

अर्चना

चोट लगने की वजह से हुई यह बीमारी

अर्चना के बेटे आयुष्मान सेठी ने इंस्टाग्राम पर उनका एक वीडियो साझा किया था, जिसे देखकर प्रशंसक काफी भावुक हुए। उन्होंने बताया कि 2025 में 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' की शूटिंग के दौरान अर्चना का हाथ टूट गया था। इस चोट की वजह से उन्हें CRPS हो गया, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा। उन्होंने दर्द के बावजूद 3 फिल्मों और एक वेब सीरीज की शूटिंग खत्म की और दिखा दिया कि वह कितनी साहसी हैं।

CRPS

क्या होता है CRPS?

अक्सर चोट लगने, सर्जरी या स्ट्रोक के बाद लोगों को CRPS हो जाता है। इसमें दर्द सामान्य से कहीं अधिक तीव्र होता है और लगातार बना रहता है। इसकी वजह से अर्चना के लिए हाथ हिलाना तक मुश्किल हो गया है। यह बीमारी आमतौर पर हाथ, पैर, बाजू या पैर को प्रभावित करती है। हालांकि, यह शरीर के किसी भी अंग में हो सकती है। इसके 2 मुख्य प्रकार होते हैं, जो CRPS-1 और CRPS-2 हैं।

Advertisement

लक्षण

क्या हैं इस बीमारी के लक्षण?

CRPS के लक्षण आम तौर पर चोट लगने के 4-6 हफ्ते बाद नजर आने शुरू होते हैं। इसका मुख्य लक्षण होता है दर्द, जो सहन नहीं होता है। इस स्थिति की वजह से चोट वाले हिस्से का रंग भी बदल जाता है और सूजन भी बनी रहती है। प्रभावित हिस्से में ज्यादा पसीना आता रहता है और उसके तापमान में भी बदलाव आ जाते हैं। इसकी वजह से मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और जोड़ों में अकड़न आ जाती है।

Advertisement

कारण

CRPS के मुख्य कारण

CRPS केवल चोट लगने की वजह से नहीं होता, लेकिन यह सबसे आम कारण है। यह ज्यादातर परिधीय और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र, दोनों में सूजन की वजह से होता है। चोट और सर्जरी के बाद सबसे पतली संवेदी तंत्रिका को नुकसान पहुंचता है। ये संवेदी तंत्रिका दर्द, खुजली और सूजन को बढ़ाती हैं। CRPS के सबसे ज्यादा मामले कलाई में चोट के कारण आते हैं, जो अर्चना के साथ भी हुआ।

उपचार

CRPS के उपचार

CRPS का कोई एक निश्चित इलाज नहीं है, लेकिन इसके लक्षणों को ठीक करने वाले उपचार उपलब्ध हैं। इससे पीड़ित लोगों को फिजियोथेरेपी करवाने की सलाह दी जाती है, जिससे दर्द कम होता है और हाथ-पैर हिलाने में आसानी होती है। डॉक्टर मरीज को दवाइयां और इंजेक्शन भी देते हैं, जिन्हें नियमित रूप से लेना होता है। इसके अलावा मनोवैज्ञानिक थेरेपी, तंत्रिका उत्तेजना और IV केटामाइन इन्फ्यूजन जैसे उपचार भी उपलब्ध हैं।

Advertisement