स्वतंत्रता दिवस पर लड़कों के लिए फैशन टिप्स, इन कपड़ों को करें ट्राई

एक राष्ट्रीय पर्व के तौर पर हर साल 15 अगस्त को देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन 1947 में हम आजाद हुए थे। इस दिन का जश्न लोग अपने-अपने तरीके से मनाते हैं और हर चीज से अपनी देशभक्ति की भावना उजागर करना चाहते हैं। अगर ऐसे लोगों में शामिल हैं और चाहते हैं कि आपके परिधानों से भी आपकी देशभक्ति झलकें, तो हम आपके लिए कुछ सुझाव लेकर आए हैं। आइए जानते हैं।
अगर लड़के ये सोचते हैं कि बाजार में तिरंगा रंग के आउटफिट सिर्फ लड़कियों के लिए उपलब्ध हैं तो उनका सोचना एकदम गलत है क्योंकि लड़को के लिए भी स्वतंत्रता दिवस पर ट्राई करने के लिए इस रंग के कपड़े मौजूद हैं। आजकल तिरंगे के डिजाइन वाली सफेद रंग की टी-शर्ट काफी ट्रेंड में है। आप भी इस तरह की टी-शर्ट अपनी किसी भी जींस के साथ पहनकर स्वतंत्रता दिवस पर स्मार्ट दिख सकते हैं।
अगर आप इस स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के रंग वाले कलेक्शन से हटकर एथनिक लुक कैरी करना चाहते हैं तो शॉर्ट कॉटन कुर्ता स्टाइल के मामले में सबसे सही माना जाता है। इसको अधिकतर लड़के पहनना पसंद करते हैं। इसके अलावा गर्मी और उमस से भरे मौसम के लिए इससे बेहतर कुछ और नहीं हो सकता। अगर आप केसरिया रंग के शार्ट कॉटन कुर्ते को ब्लू जींस के साथ पहनेंगे तो यह आउटफिट आप पर काफी फबेगा।
अगर आप इस बार स्वतंत्रता दिवस पर कोई एथनिक आउटफिट नहीं पहनना चाहते हैं और कुछ हटकर ट्राई करने की सोच रहे हैं तो फ्यूजन ड्रेस ट्राई करना एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। इसे फॉलो करते हुए आप केसरिया, सफेद या हरे रंग का अपने मनपसंद रंग वाला कुर्ता पहन सकते हैं। केसरिया रंग वाले कुर्ते के साथ धोती पेंट आप पर खूब फबेगी और इस पर पारंपरिक एंब्रॉयड्री हो तो सोने पर सुहागा हो जाएगा।
अगर आप कुर्ता-पजामा पहनने का अच्छा खासा शौक रखते हैं और स्वतंत्रता दिवस पर भी कुर्ता-पजामा में ही अलग छटा बिखेरना चाहते हैं तो फिर इस बार खादी के कुर्ता-पजामा ट्राई कर सकते हैं। देशभक्ति दर्शाने के लिए आप केसरिया या हरे रंग का खादी का कुर्ता पहन सकते हैं और उसके साथ सफेद रंग या मैचिंग का पजामा पहन सकते हैं। यह मौके के हिसाब से पूरी तरह मुफीद लगेगा।