LOADING...
आलिया भट्ट का नया वर्कआउट रूटीन है बेहद कारगर, रोजाना करती हैं ये 5 एक्सरसाइज

आलिया भट्ट का नया वर्कआउट रूटीन है बेहद कारगर, रोजाना करती हैं ये 5 एक्सरसाइज

लेखन सयाली
Jun 10, 2025
06:39 pm

क्या है खबर?

आलिया भट्ट इस दौर की सबसे शानदार अदाकाराओं में से एक हैं। वह न केवल बॉलीवुड में नाम कमा रही हैं, बल्कि हॉलवुड में भी अपने हुनर का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने मेट गाला और कान्स फिल्म फेस्टिवल जैसे अंतरराष्ट्रीय समारोहों में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है। आलिया की सुंदरता की चर्चा तो बहुत होती है, लेकिन उनका वर्कआउट रूटीन भी सराहनीय है। उनकी कसरत में ये 5 असरदार एक्सरसाइज शामिल हैं, जो उन्हें फिट बनाए रखती हैं।

जानकारी

आलिया के प्रशिक्षक ने साझा किया वीडियो

आलिया के प्रशिक्षक करण साहनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करके उनका वर्कआउट रूटीन बताया है। वीडियो में ही वह ये 5 एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं। करण लिखते हैं, "प्रक्रिया पर भरोसा करना और हमेशा अपना 100 प्रतिशत देना।"

#1

सिंगल लेग स्क्वाट

सिंगल लेग स्क्वाट एक प्रकार का स्क्वाट है, जो केवल एक पैर पर किया जाता है। यह पारंपरिक स्क्वाट का जटिल रूप है, जिससे स्थिरता बेहतर होती है। इसको पिस्टल स्क्वाट नाम से भी जाना जाता है। इसके लिए एक पैर को सामने की ओर फैलाएं और हाथों को भी सामने ले आएं। अब अपने दूसरे पैर को पीछे की ओर मोड़कर अपने पहले वाले पैर पर कूदें। आप चाहें तो संतुलन के लिए दीवार का सहारा ले सकते हैं।

#2

एक्सटेंडेड आर्म प्लांक

एक्सटेंडेड आर्म प्लांक एक जटिल एक्सरसाइज है, जिसे हाई प्लैंक नाम से भी जाना जाता है। इसे करने के लिए सबसे पहले प्लांक की स्थिति में आ जाएं और अपने हाथों को सीधे अपने कंधों के नीचे रखें। इस दौरान आपके हाथ पूरी तरह से फैले हुए होने चाहिए। अब इस अवस्था में कुछ देर तक बने रहें। यह एक्सरसाइज कोर और ऊपरी शरीर की मांसपेशियों पर काम करती है और संतुलन को बेहतर बनाने में मदद करती है।

#3

सिसी स्क्वाट

सिसी स्क्वाट पैरों की विशेष एक्सरसाइज है, जो क्वाड्रिसेप्स को मजबूत बनाने में मदद करती है। यह एक्सरसाइज विशेष रूप से रेक्टस फेमोरिस मांसपेशी को लक्षित करती है और इससे घुटनों को भी फायदा मिलता है। इसे करने के लिए सबसे पहले दोनों पैरों को हल्का-सा फैलाकर खड़े हो जाएं। अब आगे की ओर इस तरह से झुकें की आपके दोनों पैरों के घुटने जमीन को छू सकें। इस दौरान अपने हाथों को अपने सिर के पीछे रखें।

#4

पुश अप

पुश अप सबसे लोकप्रिय एक्सरसाइज में से एक है, जिसे ज्यादातर लोग करना पसंद करते हैं। इस एक्सरसाइज की मदद से छाती, कंधों और ट्राइसेप्स की मांसपेशियों को मजबूत बनाया जा सकता है। इसके लिए पहले प्लांक की स्थिति में आएं और हाथों को कंधे की चौड़ाई पर रखें। अब कोहनी को मोड़कर शरीर को तब तक नीचे करें जब तक कि छाती फर्श को न छू ले। इसे अपनी क्षमता के अनुसार दोहराएं।

#5

पुल अप

पुल अप एक चुनौतीपूर्ण एक्सरसाइज है, जो ऊपरी शरीर को मजबूत बनाती है। इसमें किसी बार पर लटककर अपने हाथों की मदद से शरीर को ऊपर की ओर खींचना होता है। पुल अप एक्सरसाइज मुख्य रूप से पीठ को मजबूती देने में मदद करती है, लेकिन यह बाइसेप्स, कंधों और कोर पर भी काम करती है। इस एक्सरसाइज के कई अलग-अलग प्रकार भी होते हैं। आलिया भट्ट जैसा लुक पाने के लिए उनसे प्रेरित पारंपरिक आउटफिट पहनें।