Page Loader
शादी के बाद दुल्हन ससुराल पक्ष के बच्चों को दें ये खास तोहफे, हो जाएंगे खुश

शादी के बाद दुल्हन ससुराल पक्ष के बच्चों को दें ये खास तोहफे, हो जाएंगे खुश

लेखन सयाली
Jul 07, 2025
10:01 pm

क्या है खबर?

शादी के बाद जब दुल्हन अपने ससुराल पहुंचती है तो उनका धूम-धाम से स्वागत किया जाता है। परिवार के सभी सदस्य उनके आने का बेसब्री से इंतजार करते हैं ढेरों तैयारियां करते हैं। हालांकि, इस बीच सबसे ज्यादा उत्साहित होते हैं घर के बच्चे, जो दुल्हन से जल्द-से-जल्द मिलना चाहते हैं। दुल्हन को इन सभी नन्हें बच्चों के लिए कुछ तोहफे जरूर लेकर जाने चाहिए। शादी के टिप्स में जानिए ससुराल पक्ष के बच्चों को क्या भेंट करना सही रहेगा।

#1

खिलौने

छोटे बच्चों को खिलौनों से ज्यादा और कुछ पसंद नहीं आता। अगर आप पहली बार ससुराल जाते समय उनके लिए खिलौने ले जाएंगी तो आप उनकी पसंदीदा बन जाएंगी। आप लड़कियों के लिए गुड़िया, किचन सेट, डॉक्टर सेट, क्ले या टेडी आदि ले जा सकती हैं। वहीं, लड़कों के लिए बैट-बॉल, फुटबॉल, रिमोट से चलने वाली गाड़ी या एक्शन फिगर ले जाना सही रहेगा। अगर आपके ससुराल में एक-2 ही बच्चे हैं तो उन्हें कोई बड़ा खिलौना दिला दें।

#2

स्नैक्स के डिब्बे

बच्चों को स्नैक्स से भरे हुए डिब्बे देना भी बढ़िया निर्णय हो सकता है। इसके लिए छोटे आकार वाले सुंदर डिब्बे खरीद लें। उनमें चिप्स, चॉकलेट, टॉफी, जूस, दालमोट और बिस्कुट आदि जैसे पैकेट वाले स्नैक्स भर दें। इनके साथ-साथ आप बच्चों के लिए मफिन, पेस्ट्री, केक या पेटीज आदि भी लेकर जा सकती हैं। ये सभी चीजें बच्चों की मनपसंद होती हैं, जिन्हें खा कर वे आपको याद करेंगे और खुश हो जाएंगे।

#3

कपड़े

अगर आपका बजट ज्यादा है तो आप सभी बच्चों के लिए कपड़े ले जा सकती हैं। यह एक ऐसा तोहफा होगा, जो बच्चों के बहुत काम आएगा। लड़कियों के लिए जींस, टॉप, ड्रेस, कुर्ती या सूट लेकर जाएं। वहीं, लड़कों को टी-शर्ट, जींस, जैकेट, शर्ट या ट्रॉउजर भेंट करें। कपड़े खरीदने से पहले सभी बच्चों का नाप जरूर मंगवा लें। इससे उनके बड़े या छोटे निकलने का डर नहीं रहेगा।

#4

पढ़ाई का सामान

बच्चों को पढ़ाई का सामान यानि स्टेशनरी देकर आप उनका दिल जीत सकती हैं। सभी के लिए ज्योमेट्री या पेंसिल बॉक्स लेकर जाएं, जिनमें पेंसिल, रबड़ और कटर आदि रखा हो। इसके अलावा, आप उन्हें कलरिंग वाली या कहानियों वाली किताबें भी दे सकती हैं। बच्चों को कलर पेंसिल, ग्लिटर पेन, मार्कर, क्ले, स्टीकर, बुकमार्क, वाटर कलर, स्केच बुक और स्केच पेन जैसी स्टेशनरी भी बहुत पसंद आती हैं। ये तोहफे पढ़ाई-लिखाई के काम आएंगे और उन्हें रचनात्मक भी बनाएंगे।

#5

बोर्ड गेम

बच्चों के लिए ऐसे तोहफे खरीदना सही रहता है, जो उनके संपूर्ण विकास में मदद करते हों। ऐसे तोहफों के विकल्प कई हैं, लेकिन उनमें से सबसे अच्छे रहते हैं बोर्ड गेम। आप बच्चों को लूडो, शतरंज और सांप-सीढ़ी जैसे गेम भेंट कर सकती हैं, जिन्हें खेलने में दिमाग लगाने की जरूरत पड़ती है। इससे बच्चे समस्याएं हल करने से लेकर जल्द निर्णय लेने के गुण सीख जाते हैं। मोनोपोली, झेंगा, UNO और सीक्वेंस जैसे गेम देना भी सही रहेगा।