त्योहारों के मौसम में इन 5 घरेलू उपकरणों को साफ करने के लिए अपनाएं ये तरीके
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम नजदीक है और ऐसे में हर कोई अपने घर को साफ-सुथरा रखने के लिए तरह-तरह के उपाय आजमा रहा है, खासकर जब बात घरेलू उपकरणों की आती है तो कई लोग उन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आप चाहें तो घरेलू उपकरणों को महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स के बिना भी साफ कर सकते हैं। आइए आज हम आपको घरेलू उपकरणों की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले घरेलू तरीके बताते हैं।
#1
माइक्रोवेव को साफ करने का तरीका
माइक्रोवेव की सफाई के लिए एक कटोरी में पानी और नींबू के रस की बराबर मात्रा मिलाएं, फिर इस मिश्रण को माइक्रोवेव में रखकर उसे चालू कर दें। 5 मिनट के बाद माइक्रोवेव को बंद कर दें।
जब पानी भाप बनकर गैस के कणों को ढीला कर दे तो माइक्रोवेव के अंदर के हिस्से को साफ करने के लिए एक सूती कपड़े का इस्तेमाल करें। इससे माइक्रोवेव के अंदर की सफाई हो जाएगी।
#2
फ्रिज की सफाई भी है जरूरी
फ्रिज की सफाई के लिए आप सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरके डालकर अच्छे से मिलाएं, फिर इस मिश्रण को फ्रिज के अंदर छिड़ककर कुछ देर के लिए छोड़ दें।
थोड़ी देर बाद एक साफ कपड़े से फ्रिज के अंदर के हिस्से को पोंछ लें। इससे फ्रिज की सफाई हो जाएगी और बदबू भी दूर हो जाएगी।
#3
ओवन को ऐसे करें साफ
ओवन की सफाई के लिए पानी और बेकिंग सोडा के घोल का इस्तेमाल करें।
इसके लिए एक कप पानी में 2 बड़ी चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। अब इस घोल को ओवन के अंदर छिड़कें और कुछ देर के लिए छोड़ दें, फिर एक सूती कपड़े से ओवन को पोंछ लें।
इससे ओवन की गंदगी दूर हो जाएगी। आप चाहें तो सफेद सिरके का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
#4
ब्लेंडर की सफाई का तरीका
सबसे पहले ब्लेंडर की जार में गर्म पानी और थोड़ी मात्रा में सफेद सिरका डालें। इसके बाद ब्लेंडर को चालू करके 5-10 मिनट के लिए चलाएं। समय पूरा होने के बाद ब्लेंडर को बंद कर दें और इसे पानी से धो लें।
इसके बाद एक सूती कपड़े से ब्लेंडर को पोंछ लें। इस तरह से ब्लेंडर की सफाई आसानी से हो जाएगी और यह लंबे समय तक चलेगा।
#5
वॉशिंग मशीन को ऐसे करें साफ
वॉशिंग मशीन की सफाई के लिए सबसे पहले वॉशिंग मशीन के ड्रम में सफेद सिरके और पानी का घोल बनाकर डालें, फिर वॉशिंग मशीन को चालू करके घोल को थोड़ी देर चलाएं।
इसके बाद वॉशिंग मशीन को बंद करके 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें। समय पूरा होने के बाद वॉशिंग मशीन को पानी से धो लें। इससे वॉशिंग मशीन की गंदगी दूर हो जाएगी और यह लंबे समय तक चलेगी।