LOADING...
नाश्ते में इन 5 व्यंजनों को शामिल करने से आप रहेंगे स्वस्थ, जानिए इनकी रेसिपी
नाश्ते के लिए 5 व्यंजन

नाश्ते में इन 5 व्यंजनों को शामिल करने से आप रहेंगे स्वस्थ, जानिए इनकी रेसिपी

लेखन सयाली
Feb 27, 2026
01:46 pm

क्या है खबर?

नाश्ता दिन का सबसे जरूरी और पहला भोजन है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ दिनभर की गतिविधियों के लिए जरूरी पोषण भी देता है। इसलिए, इसे कभी भी छोड़ना नहीं चाहिए। हालांकि, कई लोग रोजाना एक ही तरह का नाश्ता खाते हैं, जिससे उन्हें बोरियत महसूस हो सकती है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे पारंपरिक नाश्ते की रेसिपी बताते हैं, जो सेहतमंद के साथ-साथ लजीज भी होते हैं।

#1

पोहा

सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें मूंगफली भूनें। अब इसमें कड़ी पत्ते डालें और भूनें, फिर इसमें चिरोंजी और थोड़ी हींग डालकर भूनें। इसके बाद इसमें एक कप पोहा, नमक, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर मिलाएं, फिर इसमें नींबू का रस मिलाकर इसे 5 मिनट तक पकाएं। अब इस पोहे को एक प्लेट में निकालकर उस पर हरा धनिया और अनार के दानों को डालकर इसे गर्मा-गर्म परोसें।

#2

इडली

इडली को बनाने के लिए सबसे पहले एक कप चावल और आधा कप उड़द की दाल को रातभर पानी में भिगोएं। इसके बाद दोनों चीजों को मिक्सी में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर पीसें। अब इस घोल को एक बर्तन में निकालकर उसमें नमक मिलाएं, फिर इस घोल को इडली के सांचे में भरकर भाप में पकाएं। आखिर में इडली को नारियल की चटनी और सांभर के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

Advertisement

#3

कचौड़ी

सबसे पहले एक कप मैदा में थोड़ी सूजी, नमक, अजवाइन, थोड़ा तेल और पानी मिलाकर इसका नरम आटा गूंथ लें। अब एक कप उबले आलू, दाल, जीरा, अदरक, गरम मसाला, हरी मिर्च, अमचूर पाउडर, धनिया पाउडर और तेल को एक पैन में डालकर मिलाएं। इसके बाद आटे की छोटी लोइयां बनाकर बेलें, फिर इसमें आलू वाला मिश्रण भरकर इसे कचौड़ी का आकार दें। अब इन्हें गर्म तेल में सुनहरा भूरा होने तक तलें और गर्मा-गर्म परोसें।

Advertisement

#4

आलू के पराठे

सबसे पहले एक बर्तन में उबले आलू को छीलकर मैश कर लें, फिर इसमें हरी मिर्च, अदरक, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और थोड़ा तेल डालकर अच्छे से मिलाएं। अब एक बड़े बर्तन में आटा, नमक और थोड़ा तेल मिलाकर गूंथ लें। इसके बाद आटे की छोटी लोई बनाकर इसे बेलें, फिर इसमें आलू वाला मिश्रण भरकर इसे पराठे का आकार दें। अब पराठों को तवे पर सेंककर गर्मा-गर्म परोसें।

#5

दही बड़े

सबसे पहले 2 बड़े चम्मच उड़द की दाल को रातभर पानी में भिगोएं। अब दाल को मिक्सी में पीसकर चिकना पेस्ट बनाएं और इसे एक कटोरे में निकालकर इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, हींग और बेकिंग सोडा मिलाएं। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करके इसमें थोड़ा-सा पेस्ट डालें, फिर छोटे-छोटे बड़े तैयार करके इन्हें सुनहरा होने तक तल लें। आखिर में बड़े को पानी में भिगोकर निकालकर इन पर दही, इमली की चटनी और नमक छिड़कर परोसें।

Advertisement