महिलाओं के बीच बढ़ रहा ऑफ शोल्डर टी-शर्ट का चलन, इन 5 तरीकों से करें स्टाइल
क्या है खबर?
इन दिनों सोशल मीडिया पर महिलाएं ऑफ शोल्डर टी-शर्ट की ही चर्चा कर रही हैं। यह टी-शर्ट गर्मियों में पहनने के लिए आदर्श हैं, क्योंकि ये ढीली होती हैं और इनका एक कंधा नीचे ही ओर होता है। इस ट्रेंडी कपड़े को पहनकर आपको एक स्टाइलिश और कूल लुक मिल सकता है। आज के फैशन टिप्स में हम आपको 5 सरल तरीके बताएंगे, जिनसे आप इस शानदार परिधान को आसानी से स्टाइल कर सकती हैं।
#1
बैगी जींस के साथ करें मेल
ऑफ शोल्डर टी-शर्ट को बैगी जींस के साथ पहनना एक बेहतरीन लुक हो सकता है। यह संयोजन आपको रोजमर्रा की जिंदगी में स्टाइलिश और आरामदायक लुक देता है। आप चौड़े पैरों वाली और हल्की ढीली जींस के साथ इस टी-शर्ट को पहन सकती हैं, जिससे एक कोरियाई लुक मिल जाएगा। ज्यादातर महिलाएं ऐसे टॉप के साथ फेडेड काले या नीले रंग की जींस पेयर करना पसंद करती हैं। बेल्ट लगाकर लुक को और खास बनाएं।
#2
मिनी स्कर्ट के साथ बनाएं खास
अगर आप किसी पार्टी या खास मौके पर जाना चाहती हैं तो ऑफ शोल्डर टी-शर्ट को मिनी स्कर्ट के साथ पहन सकती हैं। इस आउटफिट में आप किसी फैशन आइकॉन जैसी लगेंगी और सभी आपकी जमकर तारीफ करेंगे। आप डेनिम कपड़े वाली मिनी स्कर्ट पहन सकती हैं, जो एक कूल लुक प्रदान करेगी। थोड़ा कैजुअल और सुंदर लुक पाने के लिए आप टेनिस स्कर्ट या फ्रिल वाली मिनी स्कर्ट भी चुन सकती हैं।
#3
डेनिम शॉर्ट्स के साथ पहनकर दिखें आकर्षक
गर्मियों में अगर आप कुछ आरामदायक पहनना चाहती हैं तो ऑफ शोल्डर टी-शर्ट को शॉर्ट्स के साथ आजमाएं। यह संयोजन न केवल आपको ठंडक देगा, बल्कि आपको फैशनेबल भी दिखाएगा। आप नीले या काले रंग के डेनिम शॉर्ट्स के साथ सफेद या हल्के रंग की ऑफ शोल्डर टी-शर्ट पहन सकती हैं। इसके साथ चप्पलें या आरामदायक जूते पहनें, ताकि आपका लुक पूरा हो सके और आप पूरे दिन आरामदायक महसूस करें।
#4
जोर्ट्स के साथ पाएं खास लुक
अगर आप शॉर्ट्स पहनने में आरामदायक महसूस नहीं करती हैं तो ऑफ शोल्डर टी-शर्ट को जोर्ट्स के साथ पेयर कर लें। यह जींस से छोटे, लेकिन शॉर्ट्स से लंबे डेनिम होते हैं। इनकी लंबाई घुटनों तक होती है और ये ढीले-ढाले भी होते हैं। आप डेनिम या कार्गो जोर्ट्स के साथ अपनी पसंद की ऑफ शोल्डर टी-शर्ट पहन सकती हैं। इसके साथ स्नीकर्स का मेल बैठाएं और एक टोट बैग भी टांग लें।
#5
पहनें ऐसी एक्सेसरीज
अपने लुक को पूरा करने के लिए एक्सेसरीज का सही चयन बेहद जरूरी है। आप अपनी ऑफ शोल्डर टी-शर्ट के साथ छोटे-छोटे झुमके, हाथों में घड़ी या मोटे कंगन और बेल्ट पहन सकती हैं, जो आपके पूरे लुक को निखार देंगे। इसके अलावा आप पतले नेकलेस या ब्रेसलेट भी पहन सकती हैं, जो आपके लुक को और भी खास बनाएंगे। इन टिप्स को अपनाकर आप अपनी ऑफ शोल्डर टी-शर्ट को विभिन्न तरीकों से स्टाइल कर सकती हैं।