Page Loader
मोका मूज रंग से सुंदर दिखेगा आपका घर, इन तरीकों से करें सजावट के लिए इस्तेमाल

मोका मूज रंग से सुंदर दिखेगा आपका घर, इन तरीकों से करें सजावट के लिए इस्तेमाल

लेखन सयाली
Jan 06, 2025
09:31 pm

क्या है खबर?

पैनटोन रंग संस्थान ने मोका मूज को 2025 का सबसे लोकप्रिय रंग घोषित किया है। यह भूरे रंग का हल्का शेड है, जिसमें क्रीम रंग मिश्रित रहता है। यह रंग केवल फैशन में ही लोकप्रिय नहीं हुआ है, बल्कि घर की सजावट के लिए भी इसे पसंद किया जा रहा है। अगर आप इस रंग से अपने घर को सजाना चाहते हैं तो ये तरीके अपनाएं। इसके जरिए घर का कोना-कोना सुंदर दिखेगा और सभी आपके घर की तारीफ करेंगे।

#1

मोका मूज रंग से दीवारों को रंगें

इस साल अगर आप अपने घर का पूरा लुक बदलने वाले हैं तो मोका मूज रंग का पेंट चुनें। इस रंग से अपने ड्राइंग रूम या बेडरूम की दीवारें रंगाएं या घर के बाहर की दीवारों पर यह पेंट करवाएं। इस रंग की दीवारों से आपके घर में आराम, संतुलन और सादगी का स्पर्श जुड़ जाएगा। मोका मूज रंग की दीवारों के साथ क्रीम या बेज रंग का फर्नीचर रखें और नारंगी रंग का स्पर्श भी जोड़ें।

#2

इस रंग का फर्नीचर खरीदें

अगर आप दीवारों पर यह रंग नहीं रंगवाना चाहते हैं तो इस रंग का फर्नीचर खरीदने पर विचार करें। आप मोका मूज रंग का सोफा, कुर्सियां, बिस्तर, मेज और अलमारी खरीद सकते हैं। इस रंग वाले फर्नीचर के जरिए घर में पुराने जलाने की झलक नजर आएगी, जो आपके मन को शांति का अनुभव प्रदान करेगी। अगर आप इस रंग का फर्नीचर चुन रहे हैं तो दीवारों पर क्रीम या हल्के भूरे रंग का पेंट करवाएं।

#3

इस रंग के पर्दे और चादर भी लगेंगी शानदार

आप मोका मूज को घर की सजावट में शामिल करने के लिए इस रंग के पर्दे भी लगा सकते हैं। सभी खिड़कियों और दरवाजों पर इसी रंग के लंबे पर्दे लटकाएं, जो घर में शाही लुक जोड़ देंगे। इसके अलावा, आपको सोफे के कवर, तकिया के कवर, कालीन और बिस्तर पर चढ़ी चादर का रंग भी मोका मूज ही रखना चाहिए। ऐसा करने से घर में रंगों का संतुलन बना रहेगा, जो आखों को भाएगा।

#4

इस रंग के शो पीस बढ़ाएंगे घर की शोभा

एक बार जब आप अपने घर की दीवारों का रंग और फर्नीचर तय कर लें, तो छोटे-छोटे कोनों को सजाने की शुरुआत करें। आप अपनी दीवारों पर मोका मूज रंग वाले फोटो फ्रेम टांग सकते हैं। इसके अलावा, मेज और साइड टेबल पर इस रंग के गुलदस्ते और सेंटर पीस सजाएं। साथ ही, आपको अपने कमरों के कोनों में और अलमारियों के ऊपर इस रंग के शो पीस भी रखने चाहिए।