Page Loader
मोका मूज है 2025 का सबसे लोकप्रिय रंग, जानिए इससे प्रेरित 5 खूबसूरत आउटफिट के विकल्प 

मोका मूज है 2025 का सबसे लोकप्रिय रंग, जानिए इससे प्रेरित 5 खूबसूरत आउटफिट के विकल्प 

लेखन सयाली
Dec 08, 2024
02:45 pm

क्या है खबर?

पैनटोन रंग संस्थान ने मोका मूज को 2025 का सबसे लोकप्रिय रंग घोषित किया है। यह भूरे रंग का हल्का शेड है, जिसमें क्रीम रंग भी मिश्रित रहता है। यह रंग एलिगेंस, ग्लैमर और विलासिता को दर्शाता है। कई फैशन डिजाइनर, इंटीरियर डिजाइनर और मेकअप विशेषज्ञ मोका मूज को अपना रहे हैं और इससे प्रेरणा लेकर नए ट्रेंड शुरू कर रहे हैं। आज के फैशन टिप्स में इस रंग के कपड़ों के विकल्प जानिए, जिन्हें पहनकर आप बेहद खूबसूरत दिखेंगी।

#1

मोका मूज रंग की पैंट

पैंट एक ऐसा परिधान होती है, जो साधारण टॉप को भी शानदार दिखा सकती है। आप मोका मूज रंग की पैंट पहनकर सबसे स्टाइलिश दिख सकती हैं और आराम महसूस कर सकती हैं। ऐसी पैंट चुनें, जो हाई वेस्ट वाली हो, वाइड लेग हो और जिसका कपड़ा मुलायम हो। आप इसके साथ सफेद, काले या भूरे के अन्य शेड वाले टॉप या स्वेटर स्टाइल कर सकती हैं। मोका मूज रंग की पैंट के साथ इसी रंग का टॉप भी जंचेगा।

#2

मोका मूज रंग की ड्रेस

महिलाओं के फैशन रुझान में सबसे लोकप्रिय होती हैं ड्रेस, जो कई अलग-अलग स्टाइल में उपलब्ध होती हैं। हालांकि, 2025 में सबसे आकर्षक दिखने के लिए आप मोका मूज रंग की ड्रेस चुन सकती हैं। आप इस रंग की बॉडीकॉन ड्रेस, फ्रॉक, A-लाइन ड्रेस या सैटिन ड्रेस पहन सकती हैं। अपनी पसंद के अनुसार ड्रेस चुनें और उसके साथ मोका मूज रंग की सैंडल और पर्स स्टाइल करें। आप ड्रेस के साथ गोल्डन रंग के जेवर भी पहन सकती हैं।

#3

मोका मूज रंग की स्कर्ट

अगर आप ड्रेस और पैंट नहीं पहनना चाहती हैं तो इस रंग की स्कर्ट चुनने पर विचार करें। मोका मूज रंग वाली स्कर्ट आपको एलिगेंट और सोफेस्टिकेटेड लुक देगी और आपके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी। सफेद रंग की शर्ट के साथ मोका मूज रंग की पेंसिल स्कर्ट पहनें। इसके अलावा, आप इस रंग की लंबी स्कर्ट, मिडी स्कर्ट या मिनी स्कर्ट पहनकर भी सुंदर दिख सकती हैं। मोका मूज रंग वाली लंबी स्कर्ट के साथ इस रंग का कार्डिगन जंचेगा।

#4

मोका मूज रंग का टॉप

2025 में स्टाइलिश दिखने के लिए हर महिला की अलमारी में मोका मूज रंग का टॉप जरूर होना चाहिए। इस रंग की टी-शर्ट, शर्ट, पेप्लम टॉप और फैंसी टॉप खरीदकर रख लें। इन्हें आप विभिन्न तरीकों से स्टाइल कर सकती हैं और बेहद आकर्षक दिख सकती हैं। मोका मूज रंग के टॉप के साथ खाखी, भूरे, काले या सफेद रंग की पैंट या स्कर्ट अच्छी लगेंगी। साथ ही, आप इन्हें सर्दियों वाले कपड़ों के साथ लेयर भी कर सकती हैं।

#5

मोका मूज रंग का कोट या स्वेटर

सर्दियों के मौसम के दौरान महिलाएं स्वेटर, कोट और कार्डिगन पहनना पसंद करती हैं, जिनके जरिए शरीर गर्म रहता है। आप इस मौसम में सबसे अलग और सुंदर दिखने के लिए मोका मूज रंग का स्वेटर या कोट पहन सकती हैं। इस रंग के स्वेटर या कार्डिगन के साथ ऊनी ड्रेस, स्कर्ट या पैंट स्टाइल करें। इसके अलावा, मोका मूज रंग का पैंट सूट आपको सबसे अलग दिखाएगा और एक औपचारिक लुक भी प्रदान करेगा।